146 यात्रियों को लेकर नागपुर पहुंचा विमान

146 यात्रियों को लेकर नागपुर पहुंचा विमान

Anita Peddulwar
Update: 2020-06-25 06:20 GMT
146 यात्रियों को लेकर नागपुर पहुंचा विमान

डिजिटल डेस्क, नागपुर । मॉस्को (रूस) से नागपुर लौटीं तान्या पुरोहित ने कहा कि लॉकडाउन के बाद हमारी ऑनलाइन क्लास चल रही थी, तभी बीच में मेस बंद हो गया। इसके बाद खाने की समस्या खड़ी हो गई। खाना बनाने में ही हमारा बहुत समय चला जाता था। पढ़ाई पर फोकस नहीं कर पा रहे थे। वहीं,  लॉकडाउन के कारण सामान भी महंगे हो गए थे। तमाम विद्यार्थियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। मॉस्को स्थित केडीएस यूनिवर्सिटी, नालचिक में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही तान्या पुरोहित मंगलवार देर रात नागपुर पहुंचीं। वंदे भारत मिशन के तहत एयर इंडिया के विमान से तान्या सहित 146 लोग नागपुर पहुंचे हैं।  महाराष्ट्र के अलावा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के भी लोग शामिल हैं। यात्रियों में विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा है। 

तान्या की मानें तो काफी पहले से ही वतन लौटने का प्रयास चल रहा था। शुरू में 2-3 तरह के फार्म भी हमलोगों ने भारत आने के लिए भरे। पर उसके फर्जी होने की आशंका थी। बाद में उसका कोई रेस्पांस भी नहीं मिला। 12-13 जून को वंदे भारत मिशन से संबंधित लिंक मिली। इसके माध्यम से आवेदन करने के बाद ई-मेल का इंतजार करते रहे। बकौल तान्या, इस दौरान हमने दूतावास से संपर्क किया। दूतावास से कहा गया कि कंप्यूटर के माध्यम सूची में से नामों को चुना जा रहा है। हमने उनको कहा कि जब फ्लाइट नागपुर जा रही है और हमें नागपुर ही जाना है तो हमारा नंबर पहले होना चाहिए। इसके बाद 18-19 जून को मेरे पास मेल आया। हमने टिकट का भुगतान किया और फिर हम नागपुर पहुंच गए। ऐसे माहौल में बाहर निकलने में भी काफी भय लग रहा था। संक्रमण का खतरा काफी बढ़ रहा था। 

Tags:    

Similar News