भाजपा सदस्यों का पहला जत्था रवाना , ग्रामीण में सदस्यों को किया नजरबंद

चुनाव के पहले कवायद भाजपा सदस्यों का पहला जत्था रवाना , ग्रामीण में सदस्यों को किया नजरबंद

Anita Peddulwar
Update: 2021-11-26 06:00 GMT
भाजपा सदस्यों का पहला जत्था रवाना , ग्रामीण में सदस्यों को किया नजरबंद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधान परिषद चुनाव के लिए जिले में मतदाताओं को सहेजे रखने की कवायद शुरू हो गई। भाजपा ने ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को एक तरह से नजरबंद कर लिया है। जिप और नगरपरिषद सदस्यों के अलावा पंचायत समिति सदस्यों को भाजपा शासित राज्यों में भेजा जाएगा। खबर है कि गुरुवार की शाम को ही एक जत्था मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो गया है। तहसील व विधानसभा क्षेत्र स्तर पर यह जिम्मेदारी दी गई है।  आज भी  ज्यादातर सदस्यों को भाजपा अलग-अलग क्षेत्रों में भेज रही है। सदस्यों को नजरबंद करने की जिम्मेदारी मंडल अध्यक्षों के अलावा निकाय संस्था के सभापतियों को दी गई है। गुरुवार को पूर्व गृहमंत्री रणजीत पाटील भाजपा की इस योजना के नियोजन में शामिल हुए। पूर्व जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन भी जल्द आएंगे।

जल्द फोन भी होंगे जब्त
सूत्र के अनुसार, भाजपा के निकाय संस्था सदस्यों की निगरानी के लिए बाहर के कार्यकर्ताओं को भी काम पर लगाया गया है। जिस राज्य व शहर में सदस्यों का जत्था रहेगा, वहां के भाजपा नेताओं की सहायता निगरानी कार्य में ली जाएगी। भाजपा सदस्यों से साफ कहा गया है कि वे बिना अनुमति के कहीं भी घूमने-फिरने न जाएं। उनके मोबाइल फाेन फिलहाल शुरू हैं, लेकिन जल्द ही जब्त कर लिए जाएंगे। कांग्रेस ने भी मतदाताओं के पाला बदल की संभावना को देखते हुए पोल मैनेजिंग की योजना पर काम शुरू कर दिया है। किसी भी तरह के संकट को टालने के लिए भाजपा, कांग्रेस की मशीनरी भी काम पर लगी है। सीधे मतदाताओं से संपर्क किया जाने लगा है। आश्वस्त किया जा रहा है कि मतदाता से किया गया वादा हर स्थिति में पूरा होगा। 

स्थान को लेकर गोपनीयता
भाजपा अपने मतदाताओं को जिस स्थान पर लेकर जा रही है, उसके बारे में गोपनीयता बरत रही है। भाजपा शासित राज्य मध्यप्रदेश, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा से लेकर लेह लद्दाख व अंडमान निकोबार के लिए जत्था रवाना करने की तैयारी है। इन जत्थों की प्रमुख जवाबदारी  भाजपा के शहर अध्यक्ष प्रवीण दटके, मनपा के सत्ता पक्ष नेता अविनाश ठाकरे, भाजपा ग्रामीण के जिला अध्यक्ष अरविंद गजभिये, पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव पोतदार, चरणसिंह ठाकुर संभाल रहे हैं। अलग-अलग स्थानों  पर होटल व गेस्ट हाउस तय कर रखे हैं। कांग्रेस में पालकमंत्री नितीन राऊत, पशु संवर्धन मंत्री सुनील केदार, पूर्व मंत्री राजेंद्र मुलक, शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे अपने स्तर पर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। 
 

Tags:    

Similar News