इन्शुरन्स पॉलिसी के नाम पर व्यापारी से की 20 लाख की धोखाधड़ी-आरोपी गिरफ्तार

इन्शुरन्स पॉलिसी के नाम पर व्यापारी से की 20 लाख की धोखाधड़ी-आरोपी गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-29 07:53 GMT
इन्शुरन्स पॉलिसी के नाम पर व्यापारी से की 20 लाख की धोखाधड़ी-आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के गणेश चौक कटरा में रहने वाले कपड़ा व्यापारी संतोष कुमार कोष्टा के साथ एचडीएफसी लाइफ इन्शुरन्स पॉलिसी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो जालसाजों को पुलिस ने दिल्ली में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। पकड़े गए जालसाजों से पुलिस ने उसके साथियों के बारे में पूछताछ करते हुए 2 लाख 47 हजार रुपए बरामद किए हैं।  एएसपी शहर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि संतोष कुमार कोष्टा ने शिकायत करते हुए बताया था कि उसने जून 2013 में एचडीएफसी लाइफ इन्शुरन्स से 10 वर्षीय 80 लाख रुपए की पॉलिसी ली थी। दिसम्बर  2017 में खुद को एचडीएफसी लाईफ इन्शुरन्स कर्मचारी बताते हुए एक व्यक्ति ने संतोष को पॉलिसी लैप्स होने का डर दिखाते हुए तुरंत रुपए जमा करने के लिए कहा। जिसके बाद उसने 20 हजार रुपए का चैक बनाकर दिल्ली के पते पर भेज दिया। चैक क्लीयर होने के बाद  मनोज नाम के व्यक्ति ने उसे फोन कर बताया कि पॉलिसी चालू हो गई है। इसके बाद जनवरी 2018 में पॉलिसी के संबंध में फोन करके 20 लाख 20 हजार रुपए मांगे गए तो उसने रूपये ट्रांस्फर कर दिए। संतोष ने इन्शुरन्स कम्पनी से रुपए वापस मांगे तो वह उससे ही 5 लाख रुपए पॉलिसी खत्म करने के लिए मांगने लगे।जालसाजों को पुलिस ने दिल्ली में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। एएसपी त्रिपाठी ने बताया कि गोहलपुर सीएसपी सीताराम यादव के साथ टीआई प्रवीण धुर्वे और उनकी टीम ने जांच करते हुए बैंक एकाउंट की डिटेल चैक करने के बाद  दिल्ली के न्यू सीलमपुर में रहने वाले फिरोज शेख एवं सौरव कुमार को गिरफ्तार किया।

मास्टरमाइंड हेमंत हुआ फरार
पुलिस के अनुसार फिरोज और सौरभ कुमार के बैंक खातों में संतोष की पॉलिसी का पैसा ट्रांस्फर किया गया था। फिरोज और सौरव ने पूछताछ में जानकारी दी कि हेमंत इस फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड है, जिसके साथ अन्य कुछ लोग इस मामले में सहयोगी हैं।

 

Similar News