नागपुर के मकान का ताला तोड़कर 6 लाख का माल उड़ा ले गए चोर

दिल्ली मंत्रालय में कार्यरत महिला नागपुर के मकान का ताला तोड़कर 6 लाख का माल उड़ा ले गए चोर

Anita Peddulwar
Update: 2021-09-21 09:03 GMT
नागपुर के मकान का ताला तोड़कर 6 लाख का माल उड़ा ले गए चोर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दिल्ली मंत्रालय में कार्यरत एक महिला के मेकोसाबाग स्थित मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने के गहने व नकदी सहित करीब 6 लाख 15 हजार रुपए का माल चुरा ले गए। सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति की तस्वीर कैद हुई है। पुलिस को संदेह है कि, घटना को उसी ने अंजाम दिया है। घटना 10 से 19 सितंबर के बीच हुई। 

घर को तालबंद कर बेटी काजल तीज के िलए गई थी : पुलिस के अनुसार मेकोसाबाग सिंधी काॅलोनी, सिंधी हिंदी स्कूल के पास निवासी रुपाली परसराम कातुलकर (34) ने चोरी होने की शिकायत जरीपटका थाने में की है। रुपाली की मां उषा कातुलकर (56) दिल्ली स्थित मंत्रालय में कार्यरत हैं। रुपाली गत 10 सितंबर को मकान को तालाबंद कर मौसी के घर काजल तीज के  कार्यक्रम में सारणी, मध्यप्रदेश गई थीं। इस दौरान अज्ञात चोर ने उक्त घटना को अंजाम दिया। चोर अलमारी से सोने-चांदी के गहने व नकद  1 लाख रुपए चुराकर फरार हो गया। चोर करीब 16 तोले सोने के गहने भी चुराकर ले गया , इन गहनों में कुछ पुश्तैनी थे। 19 सितंबर को घर लौटने पर रुपाली चोरी की बात पता चली। घटना की जानकारी पुलिस को दी। जरीपटका के वरिष्ठ थानेदार सचिन फटांगरे सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। श्वान दस्ते और फिंगर प्रिंटर्स एक्सपर्ट को बुलाया गया। पुलिस ने धारा  454, 457, 380 के तहत मामला दर्ज किया है।

फुटेज में थैली के साथ नजर आया चोर : रूपाली ने पुलिस को बताया कि, शाम को घर लौटने पर उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा दिखाई दिया। ताला दोपहिया वाहन की सीट पर रखा था। अलमारी खुली पड़ी थी। सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस को घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक व्यक्ति नजर आया है, जो मकान की सुरक्षा दीवार फांदकर अंदर जाते हुए नजर आ रहा है। दीवार फांदते समय उसके हाथ में कुछ नहीं है। बाहर निकलते समय उसके हाथ में एक थैली नजर आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 

Tags:    

Similar News