विमान से महाराष्ट्र आने वालों को  14 दिन रहना होगा होम क्वारेंटाइन

विमान से महाराष्ट्र आने वालों को  14 दिन रहना होगा होम क्वारेंटाइन

Anita Peddulwar
Update: 2020-05-26 10:32 GMT
विमान से महाराष्ट्र आने वालों को  14 दिन रहना होगा होम क्वारेंटाइन

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  महाराष्ट्र में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विमानों से पहुंचने वाले यात्रियों को 14 दिन तक क्वारेंटाइन में रहना पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विमान से महाराष्ट्र में आने वाले यात्रियों के लिए मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी किया है। इसके अनुसार घरेलू उड़ानों से राज्य में आने वाले सभी यात्रियों को 14 दिन तक होम क्वारेंटाइन में रहना होगा। इसके लिए यात्रियों के बाएं हाथ पर मुहर लगाई जाएगी। जिससे यात्रियों की पहचान हो सकेगी। जो यात्री राज्य में एक सप्ताह से भी कम समय के लिए आने वाले हैं उन्हें होम क्वारेंटाइन से छूट दी जाएगी लेकिन ऐसे यात्रियों को कंटेनमेंट जोन के हॉट स्पॉट इलाके में जाने की अनुमति नहीं होगी। अगर यात्री अपने घर के अलावा किसी दूसरे स्थान पर रहते हैं तो इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को देनी होगी। 

विदेशों से आने वालों को अपने खर्च पर होना होगा क्वारेंटाइन
वहीं महाराष्ट्र में आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को 7 दिनों तक अपने खर्चे पर संस्थात्मक क्वारेंटाइन में रहना पड़ेगा। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अगले 7 दिनों तक अपने आवास में होम क्वारेंटाइन में रहना होगा। केवल मानवीय संकट, गर्भवती महिलाओं, परिवार में निधन होने, गंभीर बीमारी और परिवार के साथ 10 साल से कम आयु के बच्चे होने जैसी अपवादात्मक स्थिति में अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को 14 दिन तक होम क्वारेंटाइन की अनुमति होगी। लेकिन इसके लिए आरोग्य सेतु एप का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। विमान में बैठने से पहले यात्रियों से एक स्व-घोषणा वाले फार्म को भराया जाएगा। जिसमें यात्रियों को अपना विवरण देना होगा।
 

Tags:    

Similar News