रहस्यमयी ढंग से गायब हुई तीन लड़कियां, इस हालत में मिलीं...
रहस्यमयी ढंग से गायब हुई तीन लड़कियां, इस हालत में मिलीं...
डिजिटल डेस्क, कटनी। कटनी के एक गांव से आधी रात को अपने घर से रहस्यमयी ढंग से लापता हुई तीन लड़कियों में से दो को पुलिस द्वारा ढूंढ लिया गया है। लड़कियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं एक की तलाश अब भी जारी है। एनकेजे थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम जुहली निवासी एक किशोरी अपनी छोटी बहन और हम उम्र सहेली के साथ 31 मई-1 जून की दरमियानी रात घर से रहस्यमयी ढंग से लापता हो गईं थीं। मामले में पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर तीनों की तलाश की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों इन तीन में से दो किशोरियों को पंजाब के लुधियाना शहर के एक अनाथालय में पाया गया। पुलिस ने लड़कियों से हुई पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर बताया कि आधी रात को रुपए और अपने पहचान संबंधी दस्तावेज लेकर ये तीनों लड़कियां घर से कटनी स्टेशन पहुंचीं। रात में ट्रेन में बैठकर रीवा स्टेशन पहुंची और वहां से वापस उचेहरा होते हुए कटनी आईं जहां इन्होंने छोटी बहन को कटनी स्टेशन पर छोड़ दिया। इसके बाद एक ट्रेन में बैठकर भोपाल पहुंच गईं। वहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर किशनगंज बिहार पहुंचीं। बिहार से यह लड़कियां लुधियाना पंजाब पहुंची जहां इन्हें लावारिस हालत में भटकता देखकर पुलिस द्वारा इनसे पूछताछ की गई तथा बाल कल्याण समिति लुधियाना के समक्ष प्रस्तुत कर इन्हें लुधियाना के एक अनाथ आश्रम में भेज दिया गया।
अनाथ आश्रम में इन्होंने काउंसलिंग में भी अपने माता-पिता की मौत होने की झूठी जानकारी दी। अनाथ आश्रम और वहां की सीडब्ल्यूसी द्वारा पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर इसकी जानकारी कटनी पुलिस को दी गई। इसके बाद कटनी पुलिस ने लुधियाना पहुंच कर दोनों को अपने घर वापस छोड़ दिया। पूछताछ में बालिकाओं ने एनकेजे पुलिस को बताया कि पढ़ाई के डर से वे घर छोड़कर भाग गईं थीं। हालॉकि एक किशोरी अब भी लापता है।