कार दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

कार दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-18 17:02 GMT
कार दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, पुणे। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से कार सवार इंजीनियर समेत उसकी मां और पांच साल के बेटे की मौत हो गई। दुर्घटन सोमवार सुबह सातारा जिले के खानापुर तहसील स्थित माहूली में हुई। इंजीनियर की पत्नी, चाल साल की बेटी और बहन गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना में सुरेश किसन देवकाते (उम्र 45), उनकी मां सुनंदा किसन देवकाते (65), बेटा बबलू सुरेश देवकाते (5) की मौत हो गई हैं, वहीं सुरेश की पत्नी शोभा सुरेश देवकाते (45), बेटी सई सुरेश देवकाते (4) तथा बहन स्नेहलता किसन देवकाते (40) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सुरेश तलेगांव दाभाड़े में निजी कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे। वे परिवार के साथ जेजुरी में रहते थे। सोमवार को सांगली स्थित वीटा में एक रिश्तेदार की शादी में शरीक होने के लिए देवकाते परिवार के सारे सदस्य कार से निकले थे। सुरेश कार चला रहे थे। उनके पास वाली सीट पर मां और बेटा बैठे हुए थे और पीछे की सीट पर बहन और बेटी बैठी थीं। वीटा की ओर जाते समय माहूली बस स्थानक के पास सामने से तेज रफ्तार से आए डंपर ने जोरदार टक्कर मारी। जिसमें सुरेश, उनकी मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी, बहन और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस का दस्ता मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से चक्काचूर हो गई थी। घटना के बाद डंपर चालक मौके पर डंपर छोड़ भाग गया। पुलिस ने डंपर जब्त किया है। पुलिस चालक को ढूंढ रही है।

Similar News