नागपुर शहर के आसपास ही घूम रहा बाघ, पालतू जानवरों का कर रहा शिकार

भारी दहशत नागपुर शहर के आसपास ही घूम रहा बाघ, पालतू जानवरों का कर रहा शिकार

Anita Peddulwar
Update: 2022-11-17 05:55 GMT
नागपुर शहर के आसपास ही घूम रहा बाघ, पालतू जानवरों का कर रहा शिकार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर सीमा के आस-पास लंबे समय से घूम रहा एक बाघ अब बेसा के करीब पहुंच गया है। यह अब तक एक दर्जन पालतू जानवरों का शिकार कर चुका है। नागपुर, उत्तर उमरेड व बुटीबोरी वन क्षेत्र के आधा दर्जन गांव इस बाघ की दहशत में हैं, लेकिन वन विभाग को अभी तक सिर्फ इसके पदचिह्न (पग मार्क) ही मिल सके हैं।

मोटा हो गया है बाघ : उपरोक्त बाघ सबसे पहले डोंगरगांव परिसर में देखा गया था। झरी, उटी, पांजरी लोधी गांवों को पार करने के बाद अब यह बनवाडी गांव के पास पहुंच गया है और 8 दिन से यहां डेरा जमाए हुए है। लगातार मवेशियों का शिकार होने से किसान परेशान हैं। बुधवार को वन विभाग की टीम कालडोंगरी गांव पहुंची।  अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों ने बाघ को देखा है, उनका कहना है कि उसके पेट का हिस्सा सामान्य बाघों की तुलना ज्यादा मोटा है। ऐसे में माना जा रहा है कि बाघ अब जंगल के तेज भागने वाले जानवरों का शिकार नहीं कर पा रहा है। यही कारण है कि यह  आसानी से शिकार होने वाले पालतू जानवरों को निशाना बना रहा है।

सतर्क रहने की सूचना 
बाघ के कारण नागपुर, उत्तर उमरेड व बुटीबोरी रेंज में आनेवाले पांच गांव दहशत में है। इसमें बनवारी, पेवठा, सालई, कालडोंगरी आदि गांव शामिल हैं। यहां सरपंच को वन विभाग की ओर से पत्र देकर ग्राम निवासियों को सतर्क रहने की सूचना दी गई है।  
 

Tags:    

Similar News