लॉकडाउन को लेकर व्यापारियों ने बदली रणनीति

लॉकडाउन को लेकर व्यापारियों ने बदली रणनीति

Anita Peddulwar
Update: 2021-04-10 08:58 GMT
लॉकडाउन को लेकर व्यापारियों ने बदली रणनीति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में जारी लाॅकडाउन के विरोध में शहर के सभी व्यापारी संगठन सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। कुछ व्यापारी संगठनों ने लॉकडाउन को शिथिल करने के लिए सरकार पर दबाव बनाते हुए 48 घंटे की मोहलत तक दे डाली, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। शहर के कुछ व्यापारी संगठनों ने शुक्रवार तक निर्णय न लेने की स्थिति में शनिवार को दुकानों की चाबियां प्रशासन के अधिकारियों के हाथ में सौंपने की घोषणा की थी। शुक्रवार भी निकल गया, लेकिन सरकार की ओर से लॉकडाउन को लेकर व्यापारियों के लिए कोई  अच्छी खबर नहीं आई। व्यापारियों ने भी अब अपनी रणनीति में बदलाव किया है। मुख्यमंत्री के जवाब का इंतजार किया जाएगा। रविवार तक जवाब न मिलने पर आगे की रणनीति तय की जानी है। 

सर्राफा व्यापारियों की निगाहें अब नाग विदर्भ चेंबर ऑफ कॉमर्स पर टिकीं
शहर के विविध व्यापारिक क्षेत्रों में घूमकर पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस शक्ति प्रदर्शन कर रही है। सूत्रों के अनुसार इसे प्रशासन की ओर से व्यापारियों को चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। सीताबर्डी रोड के व्यापारी शनिवार  को दुकानें खोलकर पुलिस के पास आत्मसमर्पण करनेवाले थे, लेकिन उन्होंने भी अपनी रणनीति में बदलाव किया है। सर्राफा व्यापारियों की निगाहें अब नाग विदर्भ चेंबर ऑफ कॉमर्स पर टिकी हुई हैं। 

सोमवार से शुक्रवार सुबह 10 से 4 बजे तक व्यापार शुरू रखने की इजाजत दें
लॉकडाउन को लेकर नागपुर चेंबर आफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने वर्चुअल मीटिंग की। पदाधिकारियों ने प्रशासन को व्यापार शुरू रखने के लिए कुछ सुझाव दिए हैं। चेंबर का कहना है कि 30 अप्रैल तक निर्धारित बंदिशों में बदलाव किया जाए। सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 से 4 बजे तक  व्यापार शुरू रखने की इजाजत दें तथा शाम 5 बजे के बाद किराना, रेस्टोरेंट आदि बंद कर कर्फ्यू लगाया जाए। शुक्रवार शाम 5 से सोमवार सुबह 7 बजे तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाया जाये, जिसमें सिर्फ दवा दुकानों को संपूर्ण छूट तथा दूध, सब्जी को   सुबह 6 से 10 बजे तक खुलने की इजाजत दी जाए। चेंबर के अध्यक्ष विष्णु पचेरीवाला ने कहा कि सरकार के हर निर्णय में हरसंभव सहयोग के लिए नागपुर चेंबर प्रतिबद्ध है। बैठक में गोविंद पसारी, प्रदीप जाजू, तरुण निर्बाण,  वसंत पालीवाल, महेंद्र कटारिया, विवेक मुराका, विपिन पनपलिया, विजय जायसवाल, गिरीश लिलडिया, अजय पाण्डेय उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने दो दिन का समय मांगा था, वो समाप्त हो गया
मुख्यमंत्री ने हमसे दो दिन का समय मांगा था, जो शुक्रवार को समाप्त हो रहा है। शनिवार और रविवार को लॉकडाउन है। यदि इन दो दिनों में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो रविवार रात को व्यापारी संगठनों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।  - अश्विन मेहाडिया, अध्यक्ष, नाग विदर्भ चेंबर ऑफ कामर्स

Tags:    

Similar News