केकड़े का खून बेचने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो लोग गिरफ्तार

केकड़े का खून बेचने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो लोग गिरफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2018-05-30 07:47 GMT
केकड़े का खून बेचने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो लोग गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विदेशी नागरिकों द्वारा देश में ठगी के मामले आए दिन सामने आने लगे हैं । कई लोग साइबर क्राइम का शिकार हो चुके हैं। लाखों-करोड़ों की चपत लग चुकी है। इसके बावजूद इसके झांसेबाजी की घटनाएं कम नहीं हो रही है। हाल ही में यूके की कंपनी को केकड़े का नीला खून बेचकर कमाई का झांसा देने के बहाने लोगों से ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नाइजीरियाई नागरिक हैं। छानबीन में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने महाराष्ट्र ही नहीं दूसरे राज्यों के लोगों से भी इसी तरह झांसा देकर ठगी की है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम एजजोकु जोएल संडे उर्फ स्टैनली संडे (41) और ओनकांची एंथोनी मडू (40) है। मामले में इनके एक और सहयोगी अब्दुल कादिर कच्छी (40) को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया था। संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुकर पांडेय ने बताया कि आरोपियों के पास से 37 मोबाइल फोन, 21 डेबिट कार्ड, 28 चेकबुक, 47 विदेशी घड़ियां जब्त की गई हैं। संडे का नाइजीरियाई पासपोर्ट भी पुलिस के हाथ लगा है। मामले में उल्हासनगर के निनाद तेलगोटे ने शिकायत दर्ज कराई थी। 

एयर इंडिया अधिकारी से भी ठगी
मामले की छानबीन में जुटे पुलिस इंस्पेक्टर रणबीर बायस ने बताया कि आरोपी ठगी की रकम हासिल करने के लिए दूसरे के बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। आरोपी लोगों को कमीशन का झांसा देकर उनके खाते में पैसे मंगाते थे। इसके अलावा छानबीन में पता चला है कि गिरोह ने महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के लोगों से इसी तरह ठगी की है। इसी साल जनवरी महीने में ठाणे के हीरानंदानी इस्टेट में रहने वाले एयर इंडिया के अधिकारी को भी 31 लाख 36 हजार रुपए का चूना लगाया था। अधिकारी को कैंसर की दवा बनाने वाली कंपनी को आयुर्वेदिक वनस्पतियों की बिक्री का झांसा दिया गया था। 

Similar News