महाराष्ट्र: चोर होने के शक में दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या, ग्रामीणों पर केस दर्ज

महाराष्ट्र: चोर होने के शक में दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या, ग्रामीणों पर केस दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-11 05:27 GMT
महाराष्ट्र: चोर होने के शक में दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या, ग्रामीणों पर केस दर्ज

डिजिटल डेस्क, औरंगाबाद। असम के बाद अब महाराष्ट्र में मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में चोर होने के शक में ग्रामीणों की भीड़ ने दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं करीब 6 लोग घायल भी हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने घटना में शामिल 300 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

 

दरअसल ये घटना औरंगाबाद के चंदगांव नाम के एक गांव में हुई है। यहां ग्रामीणों की भीड़ ने बड़ी ही बेरहमी से पीट-पीटकर दो लोगों की जान ले ली। इसमें 6 लोग घायल भी हो गए। इस मामले में पुलिस ने अब तक 300 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह घटना शुक्रवार सुबह 6 बजे उस वक्त हुई, जब पीड़ित येओला-मनमाड़ रेलवे ट्रैक पार कर पास के ही जंगल में जा रहे थे। तभी चोर होने के शक में ग्रामीणों ने इन लोगों पर हमला कर दिया।

 

चोर-डकैतों के सक्रिय रहने की अफवाह पर हमला

हालांकि जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन भीड़ इतनी हिंसक हो गई थी कि पुलिस की गाड़ियों से खींच कर लोगों की पिटाई शुरू कर दी। इस पूरी घटना में दो लोगों की मौत हो गई।  बताया जा रहा है कि यहां के ग्रामीण इलाकों में बीते कुछ दिनों से चोर और डकैतों के सक्रिय रहने की अफवाहें थी। इसी के चलते ग्रामीणों ने दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

असम में भी भीड़ ने ली दो की जान

वहीं असम में भी भीड़ ने बच्चा चोर होने के शक में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। शुक्रवार को हुई हत्या का मामला लगातार गर्माता ही जा रहा है। लोग घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं, वहीं पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

 

 

 

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात इलाके में व्हाट्सऐप पर अफवाह वाले मैसेज फैलाए गए कि इलाके में बच्चा चोरी करने वाला गिरोह एक्टिव है। व्हाट्सऐप मैसेज में बच्चा चोरी करने वाले गिरोह का नाम सोपाधारा बताया जा रहा है।

 

 

भीड़ को दो युवकों पर शक हुआ कि ये बच्चों का अपहरण करने वाले गिरोह के सदस्य हैं। इसी संदेश में भीड़ ने युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पिटाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया गया कि दोनों मृतक दोस्त थे। जिनमें एक कारोबारी और दूसरा साउंड इंजीनियर था।

Similar News