अमरावती जिले में दो लोगों की हत्या

पुरानी रंजिश अमरावती जिले में दो लोगों की हत्या

Anita Peddulwar
Update: 2022-03-07 07:58 GMT
अमरावती जिले में दो लोगों की हत्या

डिजिटल डेस्क, अमरावती। पुरानी रंजिश के चलते एक 43 वर्षीय युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना अचलपुर तहसील के सरमसपुरा थाना क्षेत्र में आने वाले हरम गांव में घटित हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।  जानकारी के मुताबिक मृतक युवक का नाम हरम गांव निवासी विजय सुरेश सांगोले (43) है। जबकि गिरफ्तार आरोपी का नाम अतुल गजानन अटालकर है। बताया जाता है कि एक पखवाड़ा पूर्व विजय और अतुल के बीच विवाद हुआ था। इस विवाद के चलते हुई मारपीट में सरमसपुरा पुलिस ने अतुल अटालकर के खिलाफ धारा 324 के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसी बात को लेकर अतुल बदला लेने की तैयारी में था।

शनिवार देर रात विजय जब अपने घर पर था तो उसे किसी का फोन आया। इस कारण वह मोबाइल पर बातचीत करता हुआ घर के बाहर निकला तभी अतुल ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हमले में विजय के सिर पर गहरी चोट आने से उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद घटनास्थल से फरार हो गया था।  जानकारी मिलते ही सरमसपुरा पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा। मृतक के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अचलपुर उपजिला अस्पताल पहुंचा दिया गया। धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू की गई और कुछ ही देर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है।


 बडनेरा में मिला सिर कटा शव
 बडनेरा शहर के यवतमाल रोड स्थित झीरी मंदिर से कुछ ही दूरी पर नाले में रविवार 6 मार्च की रात एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर बरामद होने से खलबली मच गई है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। जानकारी के मुताबिक बडनेरा शहर के यवतमाल रोड पर पूरा दिन चहल-पहल रहती है।  रविवार की रात 8 बजे के दौरान झीरी मंदिर से कुछ ही दूरी पर किसी को नाले के पास एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा हुआ दिखाई दिया। यह बात परिसर में फैलते ही घटनास्थल पर नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बडनेरा पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। जिस स्थल पर कटा हुआ सिर बरामद हुआ उससे कुछ ही दूरी पर हाथ और पैर भी बरामद हुए। इस कारण किसी के द्वारा संबंधित व्यक्ति की निर्दयता से हत्या कर शव के टुकड़े करने के बाद उसे फैंकने का अनुमान लगाया जा रहा है।  

Tags:    

Similar News