बाघ घाटी में गिरी बोलेरो, 2 की मौत, 9 घायल अमरवाड़ा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती

बाघ घाटी में गिरी बोलेरो, 2 की मौत, 9 घायल अमरवाड़ा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-17 08:21 GMT
बाघ घाटी में गिरी बोलेरो, 2 की मौत, 9 घायल अमरवाड़ा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। बाघ घाटी में अनियंत्रित होकर बोलेरो 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस सड़क हादसे में  जहां 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, तो वहीं अन्य 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अमरवाड़ा स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए विवेचना में लिया है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मैहर से दर्शन कर बैतूल लौट रहे सोलंकी परिवार की बोलेरो अनियंत्रित होकर हर्रई के बाघ घाटी की लगभग 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। मंगलवार रात लगभग 12 बजे हुए हादसे में परिवार के एक बच्चे और युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं 9 लोगों को गंभीर चोटें आने पर इलाज के लिए अमरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही हर्रई और अमरवाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

टीआई शशि धुर्वे ने बताया कि बैतूल के पुसली गांव निवासी रविकांत सोलंकी अपने और भाई के परिवार के साथ मैहर देवी दर्शन के लिए गए थे। मंगलवार को वे बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 48 सी 2076 से वापस लौट रहे थे। रात लगभग 12 बजे हर्रई के बाघ घाटी के मोड़ पर चालक वाहन को कंट्रोल नहीं कर पाया। गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में डेढ़ वर्षीय हर्षित पिता मोहनलाल सोलंकी और 25 वर्षीय पंकज पिता सुंदरलाल सोलंकी की मौके पर मौत हो गई। पुलिसकर्मियों ने खाई में गिरी गाड़ी से घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में इन्हें आई गंभीर चोटें-
बाघ घाटी में हुए इस हादसे में सोलंकी परिवार के 9 लोगों को गंभीर चोटें आई थी। घायलों में पुसली निवासी मोहन सोलंकी (33), कविता सोलंकी (23), चम्पाबाई सोलंकी (54), रविकांत सोलंकी (29), भैंसादेही चिचोली निवासी महिमा बरपेटे (7), प्रिया बरपेटे (10), दीपा बरपेटे (40),  आलोक बरपेटे (7) और आठनेर निवासी चालक धरमपाल पंडागरे  (22) को गंभीर चोटें आई है।

Similar News