केन्द्रीय मंत्री की गिरफ्तारी पर हमलावर हुई भाजपा, पूर्व सीएम फडणवीस बोले- हम राणे के साथ खड़े हैं, NCP नेता मलिक बोले-ये पूरे महाराष्ट्र का अपमान है

मुश्किल में नारायण राणे केन्द्रीय मंत्री की गिरफ्तारी पर हमलावर हुई भाजपा, पूर्व सीएम फडणवीस बोले- हम राणे के साथ खड़े हैं, NCP नेता मलिक बोले-ये पूरे महाराष्ट्र का अपमान है

Bhaskar Hindi
Update: 2021-08-24 12:26 GMT
केन्द्रीय मंत्री की गिरफ्तारी पर हमलावर हुई भाजपा, पूर्व सीएम फडणवीस बोले- हम राणे के साथ खड़े हैं, NCP नेता मलिक बोले-ये पूरे महाराष्ट्र का अपमान है

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विवादित बयान देने के बाद केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की मुश्किल बढ़ती जा रही हैं। महाराष्ट्र पुलिस ने मंगलवार दोपहर को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कुछ घंटे संगमेश्वर पुलिस स्टेशन में रखने के बाद उन्हें महाड ले जाया गया है। महाड में भी उनके खिलाफ एक केस दर्ज हुआ है। इधर, राणे की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उनके समर्थकों ने मुंबई-गोवा के पुराने हाईवे को जाम कर दिया है। इसे पूरे मामले को लेकर विपक्ष में बैठी बीजेपी शिवसेना पर हमलावर है। 

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस का कहना है कि भाजपा वक्तव्य का समर्थन नहीं करेगी। लेकिन, भाजपा नारायण राणे के पीछे पूरी ताकत से खड़ी रहेगी। पुलिस बल का इस्तेमाल करते हुए नारायण राणे की यात्रा को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। अगर उन्हें गैर क़ानूनी ढंग से गिरफ़्तार किया गया तब भी जन आशीर्वाद यात्रा चलेगी। हम केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की मुख्यमंत्री पर की गई टिप्पणी का समर्थन नहीं करते। मुख्यमंत्री को भारत की स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव वर्ष याद नहीं रहा इसके लिए किसी व्यक्ति को गुस्सा आ सकता है, ये स्वा​भाविक है। 

वहीं, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री को गिरफ़्तार करना यह महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार हो रहा है। यह सत्ता का दुरुपयोग है। हम इसे सहन नहीं करेंगे। हर सांसद का कुछ अधिकार होता है उस अधिकारों का हनन हुआ है। लोकसभा के अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को इस मामले में हमारे सभी सांसद याचिका सौपेंगे। 

केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे का कहना है कि  मुझे इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि मेरे ख़िलाफ़  FIR दर्ज़ की गई है। मैंने कोई अपराध नहीं किया है। 15 अगस्त के बारे में कोई नहीं जानता तो क्या यह अपराध नहीं है? मैंने कहा था कि मैं थप्पड़ मार देता और यह अपराध नहीं है।

इस पूरे मामले को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक का कहना है कि केंद्रीय मंत्री नारायण राणे मुख्यमंत्री के प्रति जिस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वो कान के नीचे थप्पड़ मारने की बात कर रहे हैं। ये पूरे महाराष्ट्र का अपमान है। क़ानून से बड़ा कोई नहीं और निश्चित रूप से क़ानूनी कार्रवाई होगी। 

बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पर की गई टिप्पणी के चलते केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के खिलाफ दर्ज़ FIR को रद्द करने की मांग वाली याचिका कल बॉम्बे हाई कोर्ट में दायर की जाएगी। उनके वकील का कहना है कि अदालत का आधिकारिक समय समाप्त होने के कारण आज याचिका दायर नहीं की जा सकी।

Tags:    

Similar News