विमान से चोरी करने नागपुर आता था, पुलिस ने दबोचा

नागपुर विमान से चोरी करने नागपुर आता था, पुलिस ने दबोचा

Anita Peddulwar
Update: 2022-05-24 12:47 GMT
विमान से चोरी करने नागपुर आता था, पुलिस ने दबोचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रताप नगर पुलिस ने एक एेसे अंतरराज्यीय चोर को रंगेहाथ पकड़ा है, जो कभी विमान से, तो कभी ट्रेन की एसी बोगी में  चोरी करने नागपुर आता था और वारदात को अंजाम देने के बाद विमान या ट्रेन की एसी बोगी में सवार होकर लौट जाता था। प्रताप नगर इलाके में एक पुलिसकर्मी के घर में चोरी करने घुसे एक ऐसे ही अंतरराज्यीय चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, लेकिन उसका उजागर नहीं किया है। 

15 से अधिक वारदातों को दिया अंजाम
सूत्रों से पता चला है कि, चोर ओडिशा का निवासी है। उसने प्रताप नगर और बजाज नगर इलाके में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। अब तक 15 से अधिक चोरियों को अंजाम दे चुका है।  क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी के मार्गदर्शन में मामले की जांच चल रही है। 

दो माह से प्रताप व बजाज नगर पुलिस थी परेशान 
मतानी ने बताया कि, इस मामले में पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। एक टीम आरोपी को लेकर उसके गांव ओडिशा गई है। आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली है। उसकी पहचान परेड करानी है, इसलिए पुलिस ने उसका नाम उजागर नहीं किया है। दरअसल, प्रताप नगर और बजाज नगर में पिछले तीन माह से चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गई थीं।  चोर घटना को अंजाम देकर बड़ी अासानी से फरार हो जाता था। बढ़ती चोरी की घटनाओं से बजाज नगर और प्रताप नगर पुलिस काफी परेशान हो गई थी। करीब दो माह से पुलिस चोर की तलाश में थी। 

बड़ी आसानी से गायब हो जाता था
उपायुक्त मतानी का कहना था कि, यह अंतरराज्यीय चोर पुलिस  के रडार पर आ चुका था, लेकिन पुलिस के हाथ नहीं लग रहा है। गत शुक्रवार की रात में पुलिस ने इस आरोपी को रंगेहाथ धरदबोचा। यह आरोपी बंद और खुले मकान में बड़ी आसानी से चोरी कर गायब हो जाता था। इस आरोपी की खोजबीन में पुलिस के दस्ते जुटे हुए थे। शुक्रवार को पुलिस दस्ते ने आरोपी को रंगेहाथ पकड़ा। खास बात यह है कि, प्रताप नगर की महिला थानेदार विद्या जाधव भी घटना के बारे में जानकारी देने से बचती रहीं। 
 

Tags:    

Similar News