विदर्भ का गुटखा किंग मंगलानी नागपुर एयरपोर्ट पर पकड़ाया

नागपुर विदर्भ का गुटखा किंग मंगलानी नागपुर एयरपोर्ट पर पकड़ाया

Anita Peddulwar
Update: 2022-12-05 10:30 GMT
विदर्भ का गुटखा किंग मंगलानी नागपुर एयरपोर्ट पर पकड़ाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर की सोनेगांव पुलिस की मदद से बाभुलगांव की क्राइम ब्रांच पुलिस की टीम ने गुटखा किंग कहे जाने वाले विक्की उर्फ विक्रम मंगलानी को नागपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। वह विदेश भागने की तैयारी में था। पुलिस ने जब उसके साथी ऐहफाज मेमन को बाभुलगांव की पुलिस ने लाखों रुपए के गुटखा के साथ गिरफ्तार किया तब अमरावती निवासी विक्की मंगलानी अपना घर छोड़कर नागपुर के सोेनेगांव इलाके में छिप गया और मौका पाकर वह एयरपोर्ट तक जा पहुंचा,  लेकिन विदेश भागने से पहले ही पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। 

मेमन से पहले 71 लाख का गुटखा जब्त हुआ था  : पुलिस सूत्रों के अनुसार बाभुलगांव पुलिस ने ऐहफाज मेमन (28) को जब पहली बार पकड़ा तब उससे करीब 71 लाख और दोबारा उसकी निशानदेही पर करीब 78 लाख का गुटखा सहित कुल करीब 1 करोड़ का माल जब्त किया गया था। अमरावती का पान मसाला व्यापारी विक्रम उर्फ विक्की मंगलानी से मेमन माल खरीदता था। विक्की अमरावती से फरार होने के बाद उसकी खोजबीन के लिए बाभुलगांव पुलिस की 2 टीमें अमरावती, पुणे और नागपुर भेजी गईं थीं।

छग तक फैला है नेटवर्क : विक्रम का करीबी सुमित उसे छग से गुटखा बड़ी मात्रा में मंगवाकर देता है। इनका विदर्भ के अलावा छग तक नेटवर्क फैला हुआ था। अमरावती में उसका नेटवर्क काम कर रहा है। उल्लेखनीय है कि, बाभुलगांव में हाल ही में करीब एक करोड़ रुपए का गुटखा जब्त कर आरोपी ऐहफाज मेमन को गिरफ्तार किया गया था। अस्पताल से छुट्टी के बाद ऐहफाज मेमन ने पुलिसिया पूछताछ में बताया कि, वह अमरावती के व्यापारी विक्रम ऊर्फ विक्की मंगलानी से माल खरीदता था। 

अमरावती से फरार होकर सोनेगांव के फ्लैट में छिपा था
आरोपी ऐहफाज मेमन की निशानदेही पर पुलिस ने विक्की को गिरफ्तार किया। विक्की अमरावती से फरार होने के बाद नागपुर में सोनेगांव में किसी फ्लैट में छिपे होने की भनक बाभुलगांव की पुलिस को लग चुकी थी। रविवार को बाभुलगांव की क्राइम ब्रांच पुलिस ने विक्की मंगलानी को नागपुर एयरपोर्ट से सोनेगांव पुलिस की मदद से  गिरफ्तार किया। 

बड़े पैमाने पर गुटखा मिलने की आशंका : अमरावती निवासी आरोपी विक्रम उर्फ विक्की मंगलानी पूरे विदर्भ में प्रतिबंधित गुटखा, सुगंधित तंबाकू, पान मसाला की सप्लाई करता है।  बाभुलगांव के छोटे व्यापारी ऐहफाज के गोदाम में लाखों का माल मिला है। ऐसे में विक्रम उर्फ विक्की से भी बड़े पैमाने पर गुटखा मिलने की आशंका जताई जा रही है। इसकी गहन जांच करने पर नागपुर और छग से जुड़े तारों का खुलासा हो सकता है।  
 

Tags:    

Similar News