मेडल जीतने की चाहत और कड़ी मेहनत से मिलेगी कामयाबी : फडणवीस

मेडल जीतने की चाहत और कड़ी मेहनत से मिलेगी कामयाबी : फडणवीस

Tejinder Singh
Update: 2018-09-30 11:21 GMT
मेडल जीतने की चाहत और कड़ी मेहनत से मिलेगी कामयाबी : फडणवीस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी के सफल नेतृत्व में आयोजित खासदार क्रीड़ा महोत्सव के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि मेडल जीतने की चाहत और उसके लिए कड़ी मेहनत से ही कामयाबी मिलेगी। क्रीड़ा क्षेत्र में सफलता का आसान मार्ग नहीं है। खेल भावना के साथ आगे बढ़ते रहने से कामयाबी एक दिन जरूर मिलेगी। शनिवार को रेशमबाग स्थित सुरेश भट सभागृह में आयोजित समारोह में पूर्व महापौर अटल बहादुर सिंह को नागपुर क्रीड़ा महर्षि के रूप में सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि खेल भावना से व्यक्तित्व का चौतरफा विकास होता है। मैदान पर एक इंसान की हार हो सकती है, लेकिन इस भावना को दिल में रखने वालों की कभी हार नहीं होती। राज्य के मुख्यमंत्री ने कहा कि खासदार क्रीड़ा महोत्सव ने नागपुर को राज्य भर में एक अलग पहचान दिलाई है। क्रीड़ा संस्कृति को और आगे ले जाने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उपराजधानी में साई सेंटर का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। इसके अलावा मानकापुर विभागीय क्रीड़ा संकुल का भी तेजी के साथ विकास किया जाएगा।

फडणवीस ने कहा कि नागपुर शहर और जिले के छोटे-छोटे खेल मैदानों को विकसित करने के लिए पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुल ने 60 करोड़ रुपए की निधि मांगी है, जिसे हमने मंजूरी दे दी है।  समारोह में नागपुर क्रीड़ा महर्षि के साथ क्रीड़ा भूषण के रूप में खेल से जुड़े लोगों का सत्कार किया गया। फडणवीस ने कहा कि आज यहां जिन लोगों का सत्कार किया गया, उनमें से कई ऐसे भी है, जिन्होंने 40 वर्ष तक खिलाड़ी निर्माण करने का काम किया है। अंतरराष्ट्रीय पटल पर नागपुर को पहचान दिलाने वाले ऐसे क्रीड़ा प्रेमियों को सम्मानित करते हुए मैच खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मुख्यमंत्री ने हर वर्ष क्रीड़ा महोत्सव के आयोजन के साथ इसके दूसरे संस्करण की तारीखों की घोषणा की, जो 12 से 27 जनवरी होगी।

समारोह में नितीन गडकरी ने कहा कि नागपुर के सांसद होने के नाते यहां भौतिक विकास के साथ क्रीड़ा संस्कृति को विकसित करने की जिम्मेदारी भी मेरी है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए खासदार क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन किया गया। श्री गडकरी ने कहा कि नागपुर में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, केवल उन्हें सही मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है। जनप्रतिनिधि होने के नाते हुए मेरी कोशिश हमेशा रही है कि मैं युवाओं को स्तरीय सुविधा उपलब्ध करवाता रहूं। इसके लिए मैंने नागपुर में साई सेंटर आरंभ करने की योजना बनाई है, आने वाले दिनों में इसका निर्माणकार्य आरंभ हो रहा है। 
 

 

Similar News