शामिल था महाराष्ट्र सरकार का कैबिनेट मंत्री - मोहित खंबोज भारतीय

क्रूज पार्टी मामला शामिल था महाराष्ट्र सरकार का कैबिनेट मंत्री - मोहित खंबोज भारतीय

Anita Peddulwar
Update: 2021-10-23 13:18 GMT
शामिल था महाराष्ट्र सरकार का कैबिनेट मंत्री - मोहित खंबोज भारतीय

डिजिटल डेस्क, मुंबई। क्रूज ड्रग्स पार्टी मामले में राकांपा नेता नवाब मलिक के लगातार आरोपों के बाद अब भाजपा भी इस मुद्दे पर सक्रिय हो चुकी है। भाजपा के पूर्व पदाधिकारी मोहित खंबोज भारतीय ने दावा किया है कि कार्डेलिया क्रूज मामले में महाराष्ट्र सरकार का एक मंत्री शामिल है। मोहित ने कहा कि समय आने पर इस मामले से जुड़े सारे नामों का खुलासा करेंगे। मोहित का दावा है कि महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री ने क्रूज पार्टी का आयोजन किया था और इसके लिए जरूरी मंजूरियां दिलवाई थी। मोहित ने कहा कि राकांपा को ऐसा करने वाले मंत्री का नाम भी जाहिर करना चाहिए। मोहित ने सवाल किया कि जब मंदिर सात अक्टूबर को खुले तो उससे पहले क्रूज पार्टी की मंजूरी किसने दी। उन्होंने दावा किया कि इसमें हाईप्रोफाइल लोग  और बड़ा गिरोह शामिल हैं।

मंजूरी किसने दी और इसके लिए कितने पैसों का लेन-देन हुआ इसकी छानबीन होनी चाहिए। मेरे पास जानकारी है और जिन लोगों को यह जानकारी देनी है मैं दूंगा। मोहित ने फिलहाल मंत्री के नाम का खुलासा नहीं किया है उन्होंने कहा कि बिना मंजूरी के कोई क्रूज किसी राज्य में नहीं जा सकता। कार्डेलिया के लिए भी मंजूरी ली गई होगी। राज्य में धार्मिक स्थल खुलने से पांच दिन पहले ही क्रूज पार्टी की मंजूरी किसने दी। इस पूरे मामले में हाईप्रोफाइल व्यक्ति शामिल है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत मुख्यमंत्री  से की जाएगी और समिति के जरिए पूरे मामले की जांच की मांग की जाएगी। इससे पहले राज्य के अत्पसंख्यक विकास मंत्री और राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक दावा कर चुके हैं कि क्रूज ड्रग्स पार्टी के दौरान मोहित खंबोज के एक रिश्तेदार को भी एनसीबी ने पकड़ा  था लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया था। मोहित पहले ही आरोपों से इनकार कर चुके हैं। मोहित ने शनिवार को कहा कि मलिक अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं और ड्रग्स मामले में फंसे अपने दामाद को बचा रहे हैं।  

 

Tags:    

Similar News