समुद्री तूफान से बदला मौसम का मिजाज, विमान, ट्रेन प्रभावित

समुद्री तूफान से बदला मौसम का मिजाज, विमान, ट्रेन प्रभावित

Anita Peddulwar
Update: 2021-05-18 06:15 GMT
समुद्री तूफान से बदला मौसम का मिजाज, विमान, ट्रेन प्रभावित

डिजिटल डेस्क, नागपुर । चक्रवाती तूफान दिन भर उमस से परेशान शहरवासियों को शाम को हुई हल्की बारिश से राहत मिली। पिछले दो दिन से हो रही हल्की बारिश के कारण 24 घंटे में तापमान में 2 डिग्री की कमी आई है। मंगलवार को भी जिले में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तापमान में एकदम से वृद्धि होने की संभावना नहीं है। दो दिन तक चिलचिलाती धूप से राहत मिलेगी।  सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ताऊ-ते के कारण भी मौसम का मिजाज बदला-बदला सा है। वैसे तो ताऊ-ते तूफान का सीधा असर नागपुर या विदर्भ में नहीं है, लेकिन चक्रवाती तूफान की वजह से नागपुर जिले में तेज हवा चली। तेज हवा में नमी होने से आसमान में बादल छाए रहे। धूप-छांव के कारण दिन भर उमस रही। हालांकि सोमवार को तापमान कम रहा।  

मुंबई की सभी उड़ानें रद्द
समुद्री तूफान ताऊ-ते की वजह से मौसम में हुए बदलाव के चलते सोमवार को मुबई विमानतल का रनवे बंद कर दिया गया। इस कारण मुंबई से आने व यहां से मुंबई जाने वाले सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। सोमवार 17 मई को डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर आने वाले कुल 4 विमानों की उड़ानें रद्द हुईं। सोमवार सुबह 7.20 बजे बंगलुरु से आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6-इ 6802, सुबह 7.25 बजे मुंबई से आनेवाली गो-एयर की उड़ान संख्या जी-8 2601, दोपहर 3 बजे मुंबई से आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6-इ 5388 व दोपहर 3.45 बजे दिल्ली से आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6-इ 2047 रद्द रही। यह जानकारी विमानतल प्रशासन द्वारा दी गई है।

2 ट्रेन प्रभावित, कुछ ट्रेनें रद्द
समुद्री तूफान ताऊ-ते की वजह से रेलवे द्वारा दो ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। रेलवे विभाग के मुताबिक सोमवार 17 मई को परिचालित ट्रेन संख्या 09240 बिलासपुर-हापा स्पेशल ट्रेन व 19 मई को परिचालित होनेवाली ट्रेन संख्या 08402 ओखा-पुरी स्पेशल ट्रेन रद्द कर दी गई है

खेत खाली, फसल को कोई नुकसान नहीं
पिछले एक सप्ताह से जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश से फसल नुकसान का जायजा लेने के आदेश राज्य के कृषि मंत्री दादाजी भुसे ने जिला प्रशासन को दिए थे। राजस्व व कृषि विभाग की तरफ से संबंधित क्षेत्रों का दौरा करके पंचनामा तैयार किए गए। जिला प्रशासन का दावा है कि बेमौसम बारिश से जिले में फसल का नुकसान नहीं हुआ है।   

पिछले नुकसान का पूरा मुआवजा मिल गया
पिछले साल बेमौसम बारिश से फसल का जो नुकसान हुआ था, उसका पूरा मुआवजा मिलने की जानकारी जिला प्रशासन की तरफ से दी गई है। जो 485 करोड़ का मुआवजा मिलना शेष है, उसमें नागपुर जिले के किसान शामिल नहीं है। 

यह समय बुआई का
जिले में बारिश हुई। अधिकारियों ने पंचनामे तैयार किए हैं। कुछ जगहों पर यह काम जारी है। अभी तक फसल के नुकसान की जानकारी नहीं है। जिले में यह समय बुआई का है।  खेत खाली पड़े हुए हैं। खेतों में फसल नहीं है। पिछले साल हुई बेमौसम बारिश में जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई थी, उन्हें मुआवजा मिल चुका है।  -अविनाश कातडे, निवासी उपजिलाधीश, नागपुर

खाद-बीज डालने का समय
जिले में प्रमुखता से सोयाबीन, धान, तुवर, मिर्ची, चना, गेहूं व संतरे की फसल होती है। राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारी जिले में जहां-जहां ज्यादा बारिश हुई, उन क्षेत्रों का दौरा करके पंचनामा तैयार कर रहे हैं। अभी तक जो जानकारी मिली, उसके मुताबिक जिले में बारिश तो हुई, लेकिन फसल नुकसान नहीं हुआ है। इसकी मुख्य वजह यह बताई गई कि फिलहाल खेतों में फसल नहीं लहलहा रही है। खेत खाली पड़े हुए हैं। अभी खाद-बीज डालने का समय है। फसल निकली ही नहीं, इसलिए नुकसान नहीं हुआ। पंचनामेे का काम आैर कुछ दिनों तक चलेगा, क्योंकि मई महीने में आैर बारिश होने की संभावना है। 

 

Tags:    

Similar News