न्यू एसयूवी: Hyundai Bayon SUV भारत में AI फीचर के साथ हुई लॉन्च, कीमत 9.99 लाख रुपए से शुरू

Hyundai Bayon SUV भारत में AI फीचर के साथ हुई लॉन्च, कीमत 9.99 लाख रुपए से शुरू

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी नई एसयूवी Hyundai Bayon को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे मॉडर्न डिजाइन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वाले वॉयस असिस्टेंट, बड़े डिजिटल डिस्प्ले, एडवांस सेफ्टी फीचर्स और पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया है। एसयूवी कई वेरिएंट में उपलब्ध है। मैनुअल गियरबॉक्स के लिए HX2, HX3, HX3+, HX5, HX6, HX8 और HX10 विकल्प दिए गए हैं। वहीं iVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स HX5, HX6, HX8 और HX10 वेरिएंट में मिलेगी।

बता दें कि, Hyundai Bayon की बुकिंग लॉन्च से पहले 11,000 रुपए की शुरुआती राशि पर शुरू की गई थी। ग्राहक हुंडई की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत डीलरशिप के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी कीमत, कलर और खूबियां...

Hyundai Bayon की कीमत और कलर

रंगों की बात करें तो कंपनी ने इसके लिए कुल 10 बाहरी रंगों की जानकारी दी है। इनमें टाइटेनियम ब्लैक, क्लासी ब्लू, एटलस व्हाइट, फियरी रेड, गोल्डन ब्रॉन्ज और इकोट्रॉनिक ग्रे जैसे रंग शामिल हैं। ड्यूल-टोन विकल्प में सफेद रंग के साथ काली छत और लाल रंग के साथ काली छत मिलती है। इसके अलावा टाइटेनियम ब्लैक मैट और क्लासी ब्लू मैट जैसे मैट रंग भी उपलब्ध होंगे। Hyundai Bayon की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपए है।

Hyundai Bayon की खूबियां

इसके सामने की तरफ आकर्षक बोनट, नई डिजाइन की फ्रंट ग्रिल और H-Edge LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स दी गई हैं। इसके साथ ड्यूल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप गाड़ी को प्रीमियम लुक देते हैं।

गाड़ी के साइड में चौड़े व्हील आर्च, दरवाजों पर क्लैडिंग और रूफ रेल्स मिलती हैं। पीछे की तरफ खास डिजाइन वाली LED टेललाइट्स और स्पोर्टी स्पॉइलर दिया गया है। कंपनी ने इसके डिजाइन में ऐसी खूबियां शामिल की हैं, जो इसे आम कारों से अलग एसयूवी जैसा लुक देती हैं।

आकार की बात करें तो Hyundai Bayon की लंबाई 4,245 मिमी, चौड़ाई 1,810 मिमी और ऊंचाई रूफ रेल्स के साथ 1,605 मिमी है। इसका व्हीलबेस 2,600 मिमी है, जबकि ग्राउंड क्लीयरेंस 205 मिमी दिया गया है।

Hyundai Bayon की सबसे खास बात इसका आधुनिक इंटीरियर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI पर आधारित वॉयस असिस्टेंट है। कंपनी के अनुसार, यह हुंडई की भारत में पहली ऐसी एसयूवी है, जिसमें जनरेटिव AI वॉयस असिस्टेंट दिया गया है। इस तकनीक को Perplexity की इंटेलिजेंस और SoundHound AI की वॉयस तकनीक के साथ तैयार किया गया है। इसमें दो 12.3 इंच के कर्व्ड डिस्प्ले दिए गए हैं। इन दोनों को मिलाकर लगभग 31.2 इंच का डिस्प्ले क्षेत्र बनता है।

गाड़ी में NVIDIA की तकनीक से लैस कनेक्टेड कार नेविगेशन कॉकपिट भी दिया गया है। इसके अलावा Hyundai Bluelink के तहत 70 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं। कंपनी ने 19 तक कंट्रोलर के लिए ओवर-द-एयर अपडेट की सुविधा भी बताई है, जिससे समर्थित सॉफ्टवेयर अपडेट बिना सर्विस सेंटर गए गाड़ी तक पहुंचाए जा सकते हैं। इसमें वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, Bose प्रीमियम साउंड सिस्टम और 500 से ज्यादा पहले से मौजूद वॉयस कमांड भी मिलते हैं। कंपनी के अनुसार, वॉयस कमांड के लिए अंग्रेजी, हिंदी, हिंग्लिश, तमिल, बंगाली और तेलुगु का समर्थन है। स्क्रीन इंटरफेस में 10 भारतीय और दो अंतरराष्ट्रीय भाषाओं का विकल्प दिया गया है। Hyundai Bluelink की तीन साल की मुफ्त सदस्यता भी इसमें शामिल है।

Hyundai Bayon में मिलेगा 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन

इंजन की बात करें तो Hyundai Bayon में 1.5 लीटर का चार-सिलेंडर MPi पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 115 PS की अधिकतम पावर और 143.8 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसमें छह-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और iVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प दिया है।

इसमें छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल-स्टार्ट असिस्ट और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, सभी वेरिएंट में 35 से ज्यादा सुरक्षा सुविधाएं स्टैंडर्ड तौर पर दी गई हैं। इस एसयूवी में Hyundai SmartSense Level 2 Pro ADAS भी मिलता है। कंपनी ने इसमें 23 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स दिए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story