इलेक्ट्रिक एसयूवी: Mahindra BE 6 और XEV 9e के दो वेरिएंट में 79 kWh बैटरी पैक का विकल्प मिला, जानिए कीमत और खूबियां

Mahindra BE 6 और XEV 9e के दो वेरिएंट में 79 kWh बैटरी पैक का विकल्प मिला, जानिए कीमत और खूबियां
  • BE 6 के पैक टू 79kWh की कीमत 23.50 लाख रुपए है
  • XEV 9e पैक टू 79kWh की कीमत 26.50 लाख रुपए है
  • इन कीमतों में चार्जर और इंस्टॉलेशन का खर्च शामिल नहीं है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की प्रमुख एसयूवी निर्माता कंपनी महिन्द्रा (Mahindra) ने अपनी बहुचर्चित ऑल-इलेक्ट्रिक कूपे स्टाइल एसयूवी बीई 6 (BE 6) और एक्सईवी 9ई (XEV 9e) को 79kWh बैटरी पैक के साथ अपडेट किया है। दोनों एसयूवी के लॉन्च के बाद यह अपडेट है, जिससे 79 kWh बैटरी पैक किफायती हो गया है। पहले जहां इस बैटरी पैक को सिर्फ टॉप-स्पेक 'पैक थ्री' वेरिएंट्स में ही ऑफर किया जाता था, वहीं अब इसे पैक टू वेरिएंट्स में भी दे दिया गया है।

इसके अलावा महिन्द्रा ने उन सभी ग्राहकों को ऑफर दिया है, जो पहले 59kWh बैटरी वाले BE 6 और XEV 9e मॉडल बुक कर चुके हैं, वे नए 'पैक टू' 79kWh वेरिएंट में अपग्रेड कर सकते हैं। आइए जानते हैं कीमत और खूबियां...

Mahindra BE 6 और XEV 9e की कीमत

नया बड़ा बैटरी पैक मिलने के बाद Mahindra BE 6 के पैक टू 79kWh की एक्स-शोरूम कीमत 23.50 लाख रुपए हो गई है। वहीं Mahindra XEV 9e पैक टू 79kWh की एक्स-शोरूम कीमत 26.50 लाख रुपए है। इन कीमतों में चार्जर और इंस्टॉलेशन का खर्च शामिल नहीं है। बता दें कि, 7.2kW AC फास्ट चार्जर की कीमत 50,000 रुपए और 11.2kW AC फास्ट चार्जर की कीमत 75,000 रुपए है।

Mahindra BE 6 और XEV 9e की रेंज

बड़ी बैटरी मिलने के साथ ही इन इलेक्ट्रिक एसयूवी की रेंज में बढ़ोतरी हो गई है। Mahindra BE 6 79kWh बैटरी पैक के साथ ARAI प्रमाणित रेंज 682 किमी है, जबकि 59kWh बैटरी पैक के साथ यह 556 किमी तक की दूरी तय करती है। वहीं, XEV 9e अब 79kWh बैटरी के साथ 656 किमी की सिंगल-चार्ज रेंज प्रदान करेगी। जबकि, 59kWh बैटरी पैक के साथ यह 542 किमी की दूरी तय करती है।

79 kWh वेरिएंट में 210 kW पावर और 59 kWh वर्जन में 170 kW पावर मिलती है, साथ ही बूस्ट मोड सहित कई ड्राइविंग मोड भी इनमें दिए गए हैं। इसके अलावा, BE 6 और XEV 9e पैक टू मॉडल सुपरफास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस हैं, जो फास्ट डीसी चार्जर का उपयोग करते समय केवल 20 मिनट में 20 से 80 प्रतिशत बैटरी रिचार्ज करने में सक्षम हैं।

Mahindra BE 6 और XEV 9e के अन्य फीचर्स

पैक टू के दोनों मॉडल कई शानदार फीचर्स के साथ आते हैं। इनमें डॉल्बी एटमॉस के साथ हरमन कार्डन 16-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, एक फुल ग्लास रूफ और लेवल 2 ADAS शामिल हैं। XEV 9e में, ट्रिपल-स्क्रीन वाइड सिनेमास्कोप डिस्प्ले का विकल्प मिलता है। जबकि BE 6 में रेस से प्रेरित डिजिटल कॉकपिट है। दोनों में 19-इंच के पहिए दिए गए हैं। XEV 9e में अलॉय व्हील्स, तो वहीं BE 6 में एयरो कवर वाले व्हील्स दिए गए हैं।

Created On :   5 July 2025 6:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story