न्यू लग्जरी एसयूवी: Maserati Grecale Facelift भारत में दमदार V6 इंजन के साथ हुई लॉन्च, शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.14 करोड़ रुपए

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इटली की मशहूर लग्जरी कार निर्माता कंपनी Maserati ने भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम SUV Grecale का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। इस बार कंपनी ने SUV के डिजाइन से लेकर इंटीरियर और इंजन विकल्पों तक कई अहम बदलाव किए हैं। सबसे खास बात यह है कि नई Grecale में अब 390hp की पावर वाला नया Nettuno V6 इंजन भी दिया गया है। इसके अलावा कंपनी ने इसे पेट्रोल और पूरी तरह इलेक्ट्रिक विकल्पों में भी उपलब्ध कराया है।
भारत में नई Maserati Grecale Facelift को पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों पावरट्रेन विकल्पों में लॉन्च किया गया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.14 करोड़ रुपए रखी गई है। वहीं इसके Modena वेरिएंट की कीमत 1.29 करोड़ रुपए और नए Modena V6 वेरिएंट की कीमत 1.39 करोड़ रुपए है। इसके टॉप-एंड पेट्रोल वेरिएंट Trofeo को खरीदने के लिए ग्राहकों को 2 करोड़ रुपए खर्च करने होंगे। जबकि पूरी तरह इलेक्ट्रिक Grecale Folgore की एक्स-शोरूम कीमत 1.90 करोड़ रुपए रखी गई है। आइए जानते हैं इसकी खूबियां...
यह भी पढ़े -Hero Destini 110 Classique Edition भारत में लॉन्च, मिला डुअल-टोन कलर और रेट्रो लुक, कीमत 76,400 रुपए
Maserati Grecale Facelift में क्या खास?
इस एसयूवी के एक्सटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट डिजाइन में देखने को मिलता है। कंपनी ने इसके फ्रंट बंपर और ग्रिल को नया रूप दिया है। इसका डिजाइन Maserati की MCPura सुपरकार से प्रेरित है। नई SUV में पहले के मुकाबले ज्यादा आकर्षक ग्रिल दी गई है, जिसे शार्क-नोज डिजाइन कहा जा रहा है। इसके साथ बड़े एयर इनटेक और एयर कर्टेन भी दिए गए हैं। वहीं इसके ज्यादातर वेरिएंट में फुल LED हेडलैंप मिलते हैं, जबकि टॉप मॉडल Trofeo में Matrix LED हेडलैंप दिए गए हैं। इसके अलावा इसमें 20 इंच के Asteria और 21 इंच के Crono अलॉय व्हील का विकल्प मिलता है।
नई Maserati Grecale के इंटीरियर को भी पहले से ज्यादा प्रीमियम और आधुनिक बनाया गया है। इसके केबिन में नया ऑक्टागोनल डिजाइन वाला स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। डैशबोर्ड पर मिलने वाली डिजिटल वॉच को भी नया डिजाइन दिया गया है। इसमें मिनरल क्रिस्टल डायल और मेटल बेजल मिलता है। इसके गियर सिलेक्टर में भी बदलाव किया गया है। अब इसमें बैकलिट मेटल बटन दिए गए हैं। फीचर्स की बात करें तो SUV में 12.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा नीचे की तरफ 8.8 इंच की अलग स्क्रीन मिलती है। इसमें वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto की सुविधा भी मिलती है।
कार में Maserati Intelligent Assistant (MIA) सिस्टम दिया गया है। इसके एंट्री-लेवल मॉडल को छोड़कर बाकी सभी वेरिएंट में 14 स्पीकर वाला Sonus faber साउंड सिस्टम मिलता है। इसके अलावा थ्री -जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, मल्टीकलर एम्बिएंट लाइटिंग और आगे की सीटों में हीटिंग की सुविधा भी दी गई है। टॉप मॉडल Trofeo में पैनोरमिक सनरूफ भी मिलता है।
सुरक्षा के मामले में भी Maserati Grecale Facelift को कई आधुनिक फीचर्स से लैस किया गया है। इसमें फ्रंट, साइड और कर्टेन एयरबैग दिए गए हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट और आगे-पीछे पार्किंग सेंसर भी मिलते हैं। SUV में ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम दिया गया है।
यह भी पढ़े -KTM 200 Duke भारत में दमदार इंजन और शानदार फीचर्स के साथ हुई लॉन्च, जानिए कीमत और खूबियां
Maserati Grecale Facelift: इंजन और पावर
Maserati ने नई Grecale Facelift को अलग-अलग इंजन विकल्पों के साथ पेश किया है। इसमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक वेरिएंट भी शामिल है। सबसे पहले इसके एंट्री-लेवल Grecale मॉडल की बात करें तो इसमें 2.0 लीटर का चार सिलेंडर टर्बो पेट्रोल माइल्ड हाइब्रिड इंजन दिया गया है। यह इंजन 300hp की अधिकतम पावर और 450Nm का टॉर्क पैदा करता है। कंपनी के अनुसार यह SUV महज 5.6 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।
इसके Modena वेरिएंट में भी 2.0 लीटर का टर्बो पेट्रोल माइल्ड हाइब्रिड इंजन मिलता है, लेकिन इसे ज्यादा पावर के लिए ट्यून किया गया है। यह इंजन 330hp की पावर और 450Nm का टॉर्क देता है। यह वेरिएंट 5.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है। इसके अलावा इस बार कंपनी ने Modena V6 नाम से एक नया वेरिएंट भी पेश किया है। इसमें 3.0 लीटर का दमदार Nettuno V6 पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 390hp की पावर और 500Nm का टॉर्क जनरेट करता है। Maserati के अनुसार यह SUV केवल 4.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम रफ्तार 260 किलोमीटर प्रति घंटा है।
वहीं सबसे पावरफुल Trofeo वेरिएंट में भी 3.0 लीटर का Nettuno V6 इंजन मिलता है। यह इंजन 530hp की पावर और 620Nm का टॉर्क पैदा करता है। कंपनी का दावा है कि यह SUV केवल 3.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 285 किलोमीटर प्रति घंटा है।
इलेक्ट्रिक वेरिएंट Grecale Folgore
Maserati ने नई Grecale का पूरी तरह इलेक्ट्रिक वेरिएंट Folgore भी पेश किया है। Grecale Folgore में इलेक्ट्रिक मोटर से 550hp की पावर मिलती है। इसकी अधिकतम रफ्तार 220 किलोमीटर प्रति घंटा है। कंपनी ने इसके कंट्रोल सिस्टम में भी सुधार किया है, जिससे इसकी ड्राइविंग रेंज बढ़कर एक बार चार्ज करने पर 580 किलोमीटर तक हो गई है।
Created On :  
