LPG Booking New Rules: एलपीजी बुकिंग के नियम में हुआ बड़ा बदलाव, अब 45 नहीं सिर्फ इतने दिन में बुक होगा नया गैस सिलेंडर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तनाव की स्थिति बनने के बाद से ही देश में गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। लेकिन, अब घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, केंद्र सरकार ने LPG सिलेंडर की दोबारा बुकिंग को लेकर नियम में बदलाव किया है। अब ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं को अगला घरेलू LPG सिलेंडर बुक करने के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार ने यह अंतर घटाकर 25 दिन कर दिया है। यानी अब ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के घरेलू LPG ग्राहकों के लिए रिफिल बुकिंग का अंतर 25 दिन रहेगा। सरकार ने पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनियों को इस बदलाव को तत्काल लागू करने का निर्देश दिया है।
केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर जानकारी शेयर की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "एलपीजी की आपूर्ति स्थिति में सुधार और रिफिल बैकलॉग में उल्लेखनीय कमी को देखते हुए केंद्र सरकार ने यह प्रतिबंध हटा दिया है. अब सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ता, चाहे वे शहरी क्षेत्र के हों या ग्रामीण क्षेत्र के, 25 दिन के अंतराल पर गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे."
उन्होंने बताया कि सरकार ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को निर्देश जारी कर दिया है, जिससे कि वे इस बदले हुए नियम को तुरंत प्रभाव से लागू करें। केंद्रीय मंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में जारी पत्र की कॉपी भी शेयर की है, जिसमें सभी ऑयल कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच सिलेंडर रिफिल का समय पूरी तरह से एक समान रखा जाए।
ग्रामीण उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
बता दें कि, अब तक LPG रिफिल बुकिंग के मामले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के ग्राहकों के लिए अलग-अलग समय सीमा लागू थी। शहरी क्षेत्र में 25 दिन के अंतराल पर सिलेंडर बुक किया जा सकता था, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को 45 दिन तक इंतजार करना पड़ता था। सरकार के नए फैसले के बाद यह अंतर खत्म कर दिया गया है। अब देशभर में घरेलू LPG सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए 25 दिन का समान अंतराल लागू होगा।
पहले क्या था नियम?
मार्च 2026 में LPG की उपलब्धता को लेकर बने दबाव के दौरान सरकार ने बुकिंग अंतराल को बढ़ाकर शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन किया था। उस समय सरकार ने साफ किया था कि ये अंतराल वर्तमान समय में आपूर्ति व्यवस्था को देखते हुए लागू हैं।
Created On :   7 Sept 2026 6:04 PM IST














