Petrol- Diesel Price: कच्चे तेल की कीमत 105 डॉलर के पार, जानिए आपके शहर में पेट्रोल-डीजल के दाम पर कितना हुआ असर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इजरायल और ईरान की जंग के चलते अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई मिली है और आज (28 मार्च 2026, शनिवार) यह 105 डॉलर प्रति बैरल के पार जा पहुंची है। इस बीच सुबह राष्ट्रीय तेल कंपनियों (इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम) ने पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel) के ताजा दाम जारी कर दिए हैं। आज अलग- अलग राज्यों में भिन्न टैक्स सहित लोकल बॉडी टैक्स के चलते इनकी कीमतों में मामूली बदलाव देखने मिलेगा।
इन शहरों में हुआ मामूली बदलाव
गुड रिटर्न वेबसाइट पर दी गई ईंधन की कीमतों के अनुसार, आज जयपुर में पेट्रोल 19 पैसे बढ़कर 104.91 रुपए और डीजल 17 पैसे महंगा होकर 90.38 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं पटना में पेट्रोल 35 पैसे बढ़कर 105.58 रुपए और डीजल 33 पैसे महंगा होकर 91.82 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, गुड़गांव में पेट्रोल और डीजल 18-18 पैसे कम होकर क्रमश: 95.39 रुपए और 87.85 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इसी प्रकार भुवनेश्वर में भी पेट्रोल और डीजल 18-18 पैसे कम होकर क्रमश: 100.93 रुपए और 92.51 रुपए प्रति लीटर हो गया है। तिरुवनंतपुरम में पेट्रोल 18 पैसे कम होकर 107.30 रुपए और डीजल 30 पैसे घटकर 96.18 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
यह भी पढ़े -हेतिक ने इंदौर में नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लॉन्च करके ‘मेड इन इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड’ स्ट्रैटेजी को और मज़बूत किया
महानगरों में क्या हैं पेट्रोल की कीमत?
आज देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.44 रुपए, तो एक लीटर डीजल 89.97 रुपए में उपलब्ध है। इसी तरह कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल 104.95 रुपए में उपलब्ध है, जबकि यहां डीजल 91.76 प्रति लीटर है। चेन्नई में भी आपको एक लीटर पेट्रोल के लिए 101.03 रुपए चुकाना होंगे, वहीं यहां डीजल की कीमत 92.61 रुपए प्रति लीटर है।
कच्चे तेल की कीमत
बात करें कच्चे तेल की तो इसकी कीमत में बीते दिन के मुकाबले मामूली तेजी देखने को मिली है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज (28 मार्च 2026) सुबह ब्रेंट क्रूड ऑयल 105.02 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया। जबकि, एक दिन पहले कच्चे तेल कीमत 103.78 डॉलर प्रति बैरल थी।
Created On :   28 March 2026 10:44 AM IST














