- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अकोला
- /
- सुबह व्यापारी के घर में घुसकर बनाया...
हड़कंप: सुबह व्यापारी के घर में घुसकर बनाया बंधक, नकदी और गहने लूटे, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, हिरासत में संदिग्ध

Akola News. शहर के रायली जीन परिसर स्थित नया जीन कॉम्प्लेक्स में सोमवार सुबह तेल व फ्लोर मिल सहित व्यापारी के घर और प्रतिष्ठान को निशाना बनाया गया। करीब सुबह 7.30 बजे तीन बदमाशों ने व्यापारी विजयकुमार गुप्ता को बंधक बनाकर उनसे नकदी और अलमारी की चाबी हासिल की। इसके बाद ऊपरी मंजिल पर स्थित घर में जाकर उनकी पत्नी को धमकाया और नकदी व गहने लूटकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश करीब चार से पांच लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार नया जीन कॉम्प्लेक्स में विजयकुमार गुप्ता मिलों के मालिक हैं। प्रतिष्ठान और कार्यालय के ऊपरी हिस्से में उनका निवास है। सोमवार सुबह वे रोजाना की तरह गोदाम में पहुंचे और मजदूरों को काम समझाने के बाद ऊपर चले गए। करीब 7.30 बजे जब वे दोबारा नीचे आए, तभी गोदाम में काम करने वाला एक पुराना हमाल और उसके साथ एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा। दोनों ने व्यापारी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें रस्सी से बांध दिया।
बदमाशों ने व्यापारी से नकदी के बारे में पूछताछ कर अलमारी की चाबी हासिल कर ली। इसके बाद वे ऊपरी मंजिल पर पहुंचे और उनकी पत्नी को धमकाकर नकदी और गहने छीन लिए। इसी दौरान एक अन्य साथी भी उनके साथ शामिल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश आनन-फानन में फरार हो गए।
पुराने हमाल पर पुलिस को संदेह
व्यवसायी के अनुसार उनके प्रतिष्ठान में काम करने वाला एक पुराना हमाल पिछले चार-पांच वर्षों से उनके पास काम कर रहा था। पिछले चार-पांच दिनों से वह अपने साथ एक नए व्यक्ति को भी काम पर ला रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी नए हमाल के जरिए प्रतिष्ठान और व्यापारी के घर की रेकी की गई होगी। प्रारंभिक जांच में नए हमाल की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही रामदास पेठ पुलिस निरीक्षक शिरीष खंडारे और क्राइम ब्रांच प्रमुख नितिन लेव्हरकर दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से संभावित सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रतिष्ठान में काम करने वाले सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।
Created On :   31 Aug 2026 8:21 PM IST












