तैयारी: महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश की सीमा पर चेकपोस्ट बनाएंगे, सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी कड़ी

महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश की सीमा पर चेकपोस्ट बनाएंगे, सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी कड़ी
  • लोकसभा चुनाव को लेकर दोनों राज्यों के प्रशासन की संयुक्त बैठक
  • मिलकर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया
  • शांति-व्यवस्था बनाए रखने संयुक्त अभियान चलाएंगे

डिजिटल डेस्क, अमरावती। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अमरावती और मध्य प्रदेश के विभिन्न अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक हुई। इसमें अवैध प्रवास, अवैध हथियारों की तस्करी और अवैध धंधों को रोकने के लिए प्रतिबंधक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। राज्य सीमा क्षेत्र मध्य प्रदेश के चार जिले बरहानपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल और खंडवा की सीमा अमरावती जिले से लगती है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस जिले के अधिकारियों ने अमरावती जिला प्रशासन के साथ कलेक्टर कार्यालय के राजस्व भवन में कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की।

चुनाव को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए दोनों राज्यों के प्रशासन ने सीमावर्ती इलाकों में अवैध यातायात और तस्करी के खिलाफ समन्वय और संयुक्त कार्रवाई करने पर सहमति जताई है। इसके लिए जिले की सीमा पर चेकपोस्ट बनाई जाएगी व सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए दोनों राज्यों के पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। मेलघाट में वन क्षेत्र से सटे इलाके से अवैध हथियार और मादक पदार्थों के परिवहन की संभावना है। ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए उत्पाद शुल्क एवं वन विभाग को समन्वय स्थापित कर प्रतिबंधक कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं।

दोनों राज्यों के प्रशासन निरंतर संपर्क बनाए रखने और समय-समय पर आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान पर सहमत हुए। इस दौरान आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा पिछली कार्रवाई की जानकारी देने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी सौरभ कटियार ने अधिकारियों की अलग-अलग बैठक आयोजित कर समन्वय बनाये रखने कहा। बैठक में विशेष पुलिस महानिरीक्षक रामनाथ पोकले, पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम इरशाद वली, कलेक्टर सौरभ कटियार, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद उपस्थित थे।


Created On :   16 March 2024 1:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story