Amravati News: अमरावती के सीपी-एसपी कार्यालय में बनेंगे विशेष बाल पुलिस पथक

अमरावती के सीपी-एसपी कार्यालय में बनेंगे विशेष बाल पुलिस पथक
नाबालिगों के बढ़ते अपराधों पर सख्ती, हर थाने में बनेगा बालस्नेही माहौल

Amravati News अमरावती जिले में नाबालिग लड़के-लड़कियों से जुड़े अपराधों में बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देश पर अब जिले में विशेष बाल पुलिस पथक का गठन किया जाएगा। इसके तहत पुलिस आयुक्त (सीपी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में अलग से विशेष कक्ष स्थापित किए जाएंगे, जहां बच्चों से जुड़े मामलों की सुनवाई और जांच को प्राथमिकता दी जाएगी।

संवेदनशील मामलों की होगी जांच : इस पहल का उद्देश्य बच्चों से जुड़े मामलों की जांच को तेज, प्रभावी और संवेदनशील बनाना है। विशेष कक्षों में प्रशिक्षित अधिकारी तैनात किए जाएंगे, जो बाल पीड़ितों से मित्रवत वातावरण में संवाद स्थापित कर सकेंगे। इससे बच्चे बिना भय अपनी बात रख सकेंगे और जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी।

बच्चों के अनुकूल बनाएंगे वातावरण : निर्देशों के अनुसार जिले के सभी पुलिस थानों में भी बच्चों के अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा, ताकि पीड़ित बच्चे बिना किसी दबाव या डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। यह व्यवस्था न केवल मामलों की जांच को बेहतर बनाएगी, बल्कि बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा को भी मजबूत करेगी।

बढ़ते अपराधों ने बढ़ाई चिंता : हाल के वर्षों में बच्चों पर अत्याचार, अपहरण, बाल मजदूरी, बाल विवाह और यौन शोषण जैसे मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। इन अपराधों की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने प्रत्येक जिले में बालस्नेही पुलिस तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए हैं।

लागू करने पर टिकी निगाहें : अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इन निर्देशों को कितनी प्रभावी तरीके से लागू करता है और बच्चों को सुरक्षित व भरोसेमंद माहौल देने में कितना सफल होता है।


Created On :   22 April 2026 4:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story