Amravati News: अमरावती के चिखलदरा तहसील में जलसंकट गहराया

अमरावती के चिखलदरा तहसील में जलसंकट गहराया
  • तीन गांवों ने भेजे टैंकर के प्रस्ताव
  • दो गांवों में कुओं का अधिग्रहण

Amravati News जिले में गर्मी के साथ ही जलकिल्लत की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी चिखलदरा तहसील में ग्रीष्मकाल की शुरुआत होते ही टैंकर से जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। वर्तमान में मोथा गांव में दो टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। इसके अलावा तीन अन्य गांवों ने भी टैंकर से जलापूर्ति के लिए पंचायत समिति को प्रस्ताव भेजे हैं।

आगामी दो से तीन दिनों में इन गांवों में भी टैंकर शुरू किए जाएंगे। जलकिल्लत की गंभीरता को देखते हुए दो अन्य गांवों में कुओं के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। जानकारी के अनुसार, खडीमल, बहादरपुर और गौलखेडा बाजार गांवों की ग्राम पंचायतों ने टैंकर जलापूर्ति के प्रस्ताव भेजे हैं। वहीं, आंकी और चुनखड़ी गांवों में कुओं के अधिग्रहण के प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए हैं।

फरवरी अंत से जलकिल्लत : इस वर्ष चिखलदरा तहसील में फरवरी के अंत से ही जलकिल्लत शुरू हो गई। मार्च के पहले सप्ताह से तापमान 40–41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से गर्मी की तीव्रता बढ़ गई है। आने वाले समय में और भी गांवों में टैंकर की आवश्यकता पड़ सकती है।

अनुमान है कि इस वर्ष मेलघाट के लगभग 450 गांवों को जलकिल्लत का सामना करना पड़ सकता है।इसके अलावा नांदगांव खंडेश्वर तहसील के वाढोणा रामनाथ, पलसमंडल, पिंपरी गावंडा; अचलपुर तहसील के बोर्डी और परसापुर; मोर्शी तहसील के गणेशपुर और दाभेरी तथा चिखलदरा के मोथा गांव में कुओं का अधिग्रहण किया जा चुका है।

इस तरह है जलकिल्लत निर्मूलन का प्रारूप

प्रस्तावित गांवों की संख्या: 545

नल योजना: 537

हैंडपम्प: 1772

विद्युतपम्प: 399

निजी कुएं अधिग्रहण: 143

टैंकर से जलापूर्ति होनेवाले गांव: 15

नल योजना की दुरुस्ती: 286

नए सिंचाई कुएं व कूपनलिका: 97

स्त्रोत मजबूतीकरण: 126

कुल उपायों की संख्या: 722

तीन गांवों के टैंकर के प्रस्ताव मिले : फिलहाल मोथा में दो टैंकर से जलापूर्ति शुरू है और तीन गांवों के लिए टैंकर के प्रस्ताव तथा दो गांवों के कुएं अधिग्रहण के प्रस्ताव भेजे गए है। वह मंजूर होने के बाद इन गांवोंं को टैंकर शुरू किए जाएंगे। - अादित्य तारु, जलापूर्ति अधिकारी, चिखलदरा पंस


Created On :   1 April 2026 3:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story