- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- उधारी के विवाद में युवक का अपहरण कर...
Amravati News: उधारी के विवाद में युवक का अपहरण कर बाइक पर ले गए थे भंडारा

Amravati News उधारी के पैसों के विवाद ने राजापेठ थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब तीन आरोपियों ने एक युवक का उसके पिता के सामने ही अपहरण कर लिया। यह घटना जेवड़ नगर स्थित गोंडबाबा मंदिर के सामने 30 मार्च की रात घटी। अपहृत युवक की पहचान भारत अशोक उंबरकर (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर भंडारा जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत को सकुशल मुक्त करा लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अखिलेश वैद्य और कपिल महेश वधवानी शामिल हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, भारत ने करीब एक वर्ष पूर्व आरोपी वैद्य से 2 लाख 50 हजार रुपये उधार लिए थे और धीरे-धीरे राशि चुका रहा था।
हाल के दिनों में भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया था। घटना की रात भारत अपने पिता के साथ दोपहिया वाहन से घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार आरोपियों ने रास्ता रोककर जबरन उसे उठा लिया और मौके से फरार हो गए। पिता के शोर मचाने के बावजूद आरोपी युवक को लेकर भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर राजापेठ पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर दो विशेष टीमें गठित कीं। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों का लोकेशन भंडारा जिले में मिला।
मोहाड़ी से दबोचे गए आरोपी : पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपहृत युवक को लेकर मोहाड़ी क्षेत्र में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया और भारत को सुरक्षित मुक्त कराया। यह पूरी कार्रवाई राजापेठ थाना प्रभारी पुनित कुलट के नेतृत्व में डीबी स्क्वॉड के पीएसआई मिलिंद हिवरे, हेड कॉन्स्टेबल मनीष करपे, सागर भजगवरे, रवि लिखितकर और पंकज खटे की टीम ने अंजाम दी।
Created On :   1 April 2026 3:36 PM IST














