- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- राजस्थान से एमडी ड्रग्स के दो...
Amravtai News: राजस्थान से एमडी ड्रग्स के दो तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amravtai News शहर अपराध शाखा ने जाल बिछाकर राजस्थान से एमडी ड्रग्स के फैक्ट्री एजेंट सहित दो कुख्यात तस्करों को दबोचा। दोनों आरोपी पिछले पांच वर्षों से राजस्थान और मध्यप्रदेश पुलिस को वांछित थे। मुंबई के एक इंटरनेशनल पैडलर की गिरफ्तारी के बाद इस अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हुआ। पकड़े गए आरोपियों में मांगीलाल गणपतसिंह सिंघावत (48, मकराना, राजस्थान) और विष्णुलाल मोहनलाल गायरी (32, प्रतापगढ़, राजस्थान) शामिल हैं, जबकि राधेश्याम श्रीपाद दमानी अभी फरार है।
मंगलवार को पुलिस टीम दोनों आरोपियों को अमरावती लेकर पहुंची। पहली बार अंतरराज्यीय एमडी तस्कर पुलिस के हाथ लगा है। मुख्य आरोपी मांगीलाल 10 बाय 10 की छोटी फैक्ट्री में एमडी ड्रग्स तैयार करता था, जबकि विष्णु इसे राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र तक सप्लाई करता था। तीन महीने पहले इस फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 50 करोड़ की ड्रग्स नष्ट की गई थी।
ऐसे सामने आया राजस्थान का कनेक्शन : जांच के दौरान मुंबई के माहिम से इंटरनेशनल पैडलर अझीम सैय्यद असद शेख की गिरफ्तारी के बाद राजस्थान कनेक्शन सामने आया। इसके आधार पर अपराध शाखा की टीम ने प्रतापगढ़ जिले में कई दिनों तक मजदूर बनकर जाल बिछाया और पहले मांगीलाल को दबोचा। उसके बाद उसी के जरिए विष्णुलाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सीपी राकेश ओला के निर्देश पर क्राइम ब्रांच पीआई संदीप चव्हाण की टीम ने यह कार्रवाई की।
यह भी पढ़े -ऑडियो क्लिप ने बढ़ाई बच्चू कडू की मुश्किलें , एक के बाद एक शिकायत
एक के बाद एक खुल रही परतें : जानकारी के अनुसार, 8 मार्च को नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में 3.11 करोड़ रुपए की 2.80 किलो एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 13 मार्च को एक अन्य आरोपी के घर से 9.30 लाख की 32 ग्राम एमडी बरामद की गई। अब तक इस मामले में 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 6 आरोपी फरार हैं।
मजदूर बनकर रेत छानते रहे पुलिसकर्मी : राजस्थान में तस्करों की सतर्कता को देखते हुए पुलिस ने ढाबे के पास दो पुलिसकर्मी मजदूर बनकर नदी में रेत छानते रहे। जैसे ही आरोपी विष्णु मौके पर पहुंचा, टीम ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
हवाला लेनदेन से जुड़ा करोड़ों का खेल : जांच में सामने आया कि अमरावती के आरोपियों ने 3.11 करोड़ की ड्रग्स मंगवाई थी। पहली खेप भुगतान न मिलने से लौट गई, लेकिन बाद में हवाला के जरिए रकम मिलने पर दोबारा भेजी गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों पर कई राज्यों में गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इनके खिलाफ दर्ज मामलों की गंभीरता को देखते हुए दोनों की पूरी जिंदगी जेल में गुजरने की संभावना है। अन्य राज्यों की पुलिस भी ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें लेने की तैयारी में है।
Created On :   8 April 2026 1:48 PM IST














