बलवा: मामूली बात पर विवाद करते हुए एक-दूसरे पर पथराव , 12 उपद्रवियों को घर से उठाया

मामूली बात पर विवाद करते हुए एक-दूसरे पर पथराव ,  12 उपद्रवियों को घर से उठाया
  • वडाली में कुछ उपद्रवियों ने एक-दूसरे पर पथराव किया था
  • सर्च ऑपरेशन चलाते हुए आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
  • दो गुटों में डीजे की आवाज कम करने को लेकर विवाद हुआ

डिजिटल डेस्क, अमरावती। फ्रेजरपुरा के वडाली परिसर में कुछ उपद्रवियों ने मामूली बात पर विवाद करते हुए एक-दूसरे पर पथराव कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने देर रात तक परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाते हुए 12 दंगाईयों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए गए हंै। परिसर में पुलिस का कड़ा पहरा बिठा दिया गया है। जिससे वडाली क्षेत्र में फिलहाल पूरी तरह शांति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के वडाली परिसर में बुधवार की रात राम नवमी की शोभायात्रा के बाद दो गुटों में डीजे की आवाज कम करने को लेकर विवाद हुआ था। तब मौके पर मौजूद कुछ उपद्रवियों ने पथराव कर मामला बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। इस समय शहर के अलावा ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस भी तैनात थी। अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त वडाली क्षेत्र के जगह-जगह पर तैनात किया गया। तड़के पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाते हुए दो मामलों में नामजद आरोपी मुकेश तरवरे, नितिन भोगरे, पियुष उके, महेश खवरे, प्रशांत खडसे, हीरालाल शेवानी, मांगीलाल िससोदे, करण अंधारे, आदर्श बेनीवाल, लवकेश नाईकवाड, विक्की सहारे, मंगेश खडसे के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सुबह 5 बजे तक सीपी ने जमाया डेरा : घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों से बातचीत की। जिससे मामला तभी पूरी तरह शांत हो गया था। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को सहयोग किया। पुलिस आयुक्त ने स्वयं तड़के 5 बजे तक मौके पर डेरा डाला। अपनी देखरेख में सर्च ऑपरेशन के तहत पुलिस दस्ते ने उपद्रवियों को घर से हिरासत में लिया।

अफवाहों पर न रखें विश्वास : वडाली परिसर में पूरी तरह से शांति बनी हुई है। जबकि साइबर सेल द्वारा स्थापित किए गए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के जरिए लोगों की गतिविधि पर पूरी तरह से नजर बनी हुई है। अब तक 26 आपत्ति जनक पोस्ट वायरल करने वालों के खिलाफ पुलिस ने नोटिस बजाई है। जबकि किसी भी घटना को लेकर अफवाहों पर विश्वास न रखते हुए आपत्ति जनक पोस्ट वायरल करने संदर्भ में साइबर सेल पुलिस को सूचित करने का आह्वान शहरवासियों से किया जा रहा है। - नवीनचंद्र रेड्‌डी, सीपी

Created On :   19 April 2024 9:02 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story