आवक: चुनाव से एसटी की तिजोरी में आएंगे एक करोड़ , व्यवस्था में लगी है बसों की कतार

चुनाव से एसटी की तिजोरी में आएंगे एक करोड़ , व्यवस्था में लगी है बसों की कतार
  • मतदान के लिए जिले के 8 एसटी डिपो में 295 बसें आरक्षित
  • लोस चुनाव के लिए नागपुर से बुलाएंगे 100 एसटी बसें
  • 25 अप्रैल को पहुंच जाएंगे अधिकारी-कर्मचारी

डिजिटल डेस्क, अमरावती। लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर तैयारी शुरू है। मतदान सामग्री के साथ पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक एसटी बसों का प्रबंध किया जा रहा है। जिससे एसटी महामंडल को किलो मीटर के हिसाब से लाखों की आय होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

मतदान के एक दिन पहले यानी 25ल को चुनावी काम में जुटने वाले सभी कर्मचारी चुनावी सामग्री लेकर अपने-अपने मतदान केंद्र में पहुंच जाएंगे। मतदान केंद्र से संबंधित तहसील के स्ट्रांग रूम तक मत पेटियां पहुंचाने की जिम्मेदारी एसटी महामंडल पर सौंपी गई है। इस काम के लिए जिले के 8 डिपो से 295 बसें आरक्षित रखने का निर्णय लिया गया है। इतनी बड़ी संख्या में बसें आरक्षित रखने के बाद बसों की कमी ना पड़े और यात्रियों की सुविधा में कोई बाधा निर्माण ना हो। इस उद्देश्य से नागपुर जिले से 100 अतिरिक्त बसें मांगी गई हैं। यह जानकारी विभागीय परिवहन अधिकारी योेगेश ठाकरे ने दी।

अमरावती जिले में कुल एसटी बसों की संख्या 335 हैं। जिसमें 8 प्रतिशत बसें सड़कों पर पर नहीं दौड़ती। क्योंकि वर्तमान में अप्रैल महीना शुरू रहने से कुछ बसों को पासिंग के लिए आरटीओ कार्यालय भेजना पड़ता है। इसके अलावा कुछ बसें मरम्मत के लिए परिवहन मंडल के गैराज में रहती है। इस तरह जिले में लगभग 300 बसें हैं। जिसमें 100 बसें शिवशाही और सेमी लग्जरी का भी समावेश है। इस स्थिति में 295 बसें चुनावी काम के लिए दी गई तो जिले में एसटी महामंडल की सेवा प्रभावित ह सकती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए नागपुर जिले से 100 अतिरिक्त बसें मांगी गई हैं।

25 को सुबह 3 घंटे और 26 की शाम 3 घंटे व्यस्त रहेंगी बसें : मतदान के एक दिन पहले संबंधित तहसील के कर्मचारियों को मतदान सामग्री लेकर नियुक्त मतदान केंद्र मंे ले जाना पड़ता है। जिससे 25 अप्रैल को सुबह 8 बजे बसें संबंधित तहसील कार्यालय पर पहुंचेगी और वहां से मतदान सामग्री व कर्मचारियों को लेकर उनके मतदान केंद्र तक पहुंचाएंगी। जिसके बाद यह बसें संबंधित डिपो में जमा की जाएंगी। इस तरह 25 अप्रैल को सुबह 8 से 11 बजे तक 295 बसें चुनावी कार्य में व्यस्त रहेंगी। इसी तरह मतदान के दिन शाम 5 बजे यही बसें दोबारा संबंधित मतदान केंद्र पर खड़ी हो जाएंगी। शाम 5.30 बजे मतदान के बाद ईवीएम मशीनें सील कर कर्मचारी और यह सामग्री लेकर एसटी बसें संबंधित तहसील कार्यालय तक जाएंगी। वहां के स्ट्रांग रूम में ईवीएम मशीनें उतारकर कर्मचारियों को छोड़ने के बाद बसें वहां के एसटी डिपो में जमा की जाएंगी। इस तरह 25 अप्रैल को सुबह 3 घंटे और 26 को शाम 3 घंटे तक एसटी बसें चुनाव में व्यस्त रहेंगी। शेष समय में वह यात्रियों की सेवा में पूर्ववत होंगी।


Created On :   19 April 2024 8:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story