Anuppur News: शासन-प्रशासन के प्रयासों से एक सप्ताह बाद धिरौल पहुंचा मृत मजदूर का शव

डिजिटल डेस्क,अनूपपुर। जिले की अनूपपुर तहसील अंतर्गत ग्राम धिरौल निवासी 25 वर्षीय मजदूर सुदामा बैगा की तेलंगाना में हादसे के दौरान मौत हो गई थी। घटना के करीब एक सप्ताह बाद शासन-प्रशासन के प्रयासों से बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई और शव वाहन की व्यवस्था कर गुरुवार सुबह मृतक का शव गृहग्राम धिरौल पहुंचाया गया। गुरुवार दोपहर गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, सुदामा बैगा पिता समयलाल बैगा पिछले दो वर्षों से तेलंगाना में एक कंपनी में मजदूरी कर रहा था। वह समय-समय पर त्योहारों पर अपने परिवार से मिलने गांव आता था। करीब एक सप्ताह पहले कंपनी में काम के दौरान अचानक गिरने से लोहे की रॉड उसके शरीर में घुस गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुदामा को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
उपसरपंच ने प्रशासन तक पहुंचाई जानकारी
मृतक के साथ काम करने वाले क्षेत्र के दो अन्य ग्रामीणों ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ग्राम पंचायत धिरौल के उपसरपंच प्रवीण सिंह को दी। इसके बाद प्रवीण सिंह ने विभिन्न माध्यमों से घटना की जानकारी जुटाई और अनूपपुर के पूर्व विधायक एवं मध्यप्रदेश जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, कलेक्टर रत्नाकर झा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने मृतक का शव सुरक्षित गृहग्राम तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रयास से पहुंचा शव
मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रमुख सचिव, मध्यप्रदेश जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल तथा अनूपपुर कलेक्टर रत्नाकर झा सहित अन्य संबंधित लोगों के प्रयासों से शव को गृहग्राम तक लाने की व्यवस्था की गई। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन की ओर से शव वाहन उपलब्ध कराया गया। गुरुवार सुबह शव धिरौल पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने अंतिम दर्शन किए।
पंचायत ने दी आर्थिक सहायता
युवक की आकस्मिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्राम पंचायत धिरौल की सरपंच सुखवा बैगा और उपसरपंच प्रवीण सिंह ने जनजातीय समुदाय के युवक की मृत्यु पर परिवार को आर्थिक सहायता सहित अन्य जरूरी सहयोग प्रदान किया। वहीं, प्रशासन द्वारा संबंधित राज्य से घटना की जांच कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
Created On :  
