Anuppur News: मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठे कोटवार

मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठे कोटवार
10 साल की सेवा पर स्थायी नियुक्ति, समान कार्य-समान वेतन और सेवा भूमि का मालिकाना हक देने की मांग

डिजिटल डेस्क,अनूपपुर। मध्यप्रदेश आजाद कोटवार संघ की जिला इकाई अनूपपुर के सदस्य अपनी प्रमुख मांगों को लेकर गुरुवार से जिला चिकित्सालय के सामने अनिश्चितकालीन सत्याग्रह एवं धरना प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। कोटवारों ने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की है। संघ ने प्रदेश के लगभग 38 हजार कोटवारों को नियमित शासकीय कर्मचारी घोषित करने, 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कोटवारों को स्थायी करने, समान कार्य-समान वेतन देने और सेवा भूमि का मालिकाना हक प्रदान करने की मांग उठाई है।

संघ का कहना है कि कोटवार ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व संबंधी कार्यों, शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा एवं सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और अधिकार नहीं मिल रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि योग्य कोटवारों को सहायक पटवारी, सहायक ग्रेड-3, वाहन चालक, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित समकक्ष पदों पर अवसर दिया जाए।

साथ ही सेवा भूमि का सीमांकन कर पात्र कोटवारों के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किए जाएं और मानदेय में प्रतिवर्ष 500 रुपये की वृद्धि की जाए। संघ ने कहा कि पूर्व में भी मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित कराया गया था, लेकिन निराकरण नहीं होने से आंदोलन करना पड़ रहा है। कोटवारों ने मांगें पूरी होने तक सत्याग्रह जारी रखने की बात कही है।

Created On :  

Tags

Next Story