अनूपपुर न्यूज: नशे के कारोबार पर पुलिस का दोहरा प्रहार, अनूपपुर में पांच तस्कर गिरफ्तार; 20.897 किलो गांजा, 13.45 लाख की नकदी और दो कारें जब्त

नशे के कारोबार पर पुलिस का दोहरा प्रहार, अनूपपुर में पांच तस्कर गिरफ्तार; 20.897 किलो गांजा, 13.45 लाख की नकदी और दो कारें जब्त
कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों से 5.280 किलो गांजा, 3.45 लाख रुपये नकद और क्रेटा कार की जब्त, भालूमाड़ा पुलिस ने तीन तस्करों को 15.617 किलो गांजे के साथ पकड़ा*

डिजिटल डेस्क अनूपपुर। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली अनूपपुर और भालूमाड़ा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पांच गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 20 किलो 897 ग्राम गांजा, 3 लाख 45 हजार 700 रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये कीमत की क्रेटा कार सहित मादक पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शहडोल जिले के बुढार निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 5 किलो 280 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 52 हजार 800 रुपये बताई गई है, के साथ 3 लाख 45 हजार 700 रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये कीमत की सफेद क्रेटा कार जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 576/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20बी में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी अन्य थानों में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं।

वहीं, भालूमाड़ा पुलिस ने एक नवंबर को मुखबिर की सूचना पर दारसागर के शिवलेहरा रोड पर आम के पेड़ के नीचे घेराबंदी कर दमोह जिले के तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके बैग से 15 किलो 617 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 55 हजार रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 339/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20बी में मामला दर्ज किया गया है।

दोनों कार्रवाइयों के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के स्रोत और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।


Created On :  

Tags

Next Story