Bada Malhera: समाजसेवी एवं पत्रकार मनीष जैन पर प्राणघातक हमले के 4 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,बड़ामल्हेरा। विधानसभा क्षेत्र के बक्सवाहा के व्यस्ततम बुधवारा बाजार में दिनदहाड़े लाठी-डंडों से लामबंद होकर जानलेवा हमला करने वाले चार नामजद आरोपियों को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। राजनीतिक संरक्षण के चलते लगातार बच रहे आरोपियों की यह गिरफ्तारी छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के सीधे हस्तक्षेप के बाद संभव हो सकी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद कर लिए हैं।
सितंबर माह में बुधवारा बाजार में बेखौफ आरोपियों ने एकराय होकर स्थानीय निवासी मनीष जैन पर लाठी-डंडों से बर्बर हमला कर दिया था। घटना के बाद थाना बक्सवाहा पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर बलवा और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया था। हालांकि मेडिकल रिपोर्ट में पीड़ित को आई गंभीर और घातक चोटों की पुष्टि होने के बाद मामले में जानलेवा चोट संबंधी कठोर धाराओं का इजाफा किया गया। इसके बावजूद आरोपी राजनीतिक आकाओं की छत्रछाया में खुलेआम घूमते रहे और लगातार पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास करते रहे।
पीड़ित मनीष जैन का सीधा आरोप है कि सत्ता-राजनीति से संरक्षण प्राप्त आरोपी उन पर क्रॉस केस दर्ज कराने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। इतना ही नहीं, मामले को भटकाने और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए साजिश रचकर एक फर्जी MLC रिपोर्ट भी तैयार कराई, जिसके आरोप मनीष ने लगाए हैं।
स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलने और आरोपियों के खुलेआम घूमने से आहत होकर पीड़ित ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा को वस्तु स्थिति से अवगत कराकर घटना के पुख्ता वीडियो फुटेज सौंपे और राजनीतिक दबाव के खेल की परतें खोलीं। एसपी सकलेचा ने फुटेज और साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए बक्सवाहा पुलिस को आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी के कड़े निर्देश जारी किए।
एसपी के सीधे दखल के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से दबिश देकर घेराबंदी की और चारों फरार आरोपियों
बिट्टू उर्फ देवेश सोनी पिता मदन गोपाल सोनी, योगेश सोनी पिता मदन गोपाल सोनी, शिवा उर्फ सालू सोनी पिता बृजगोपाल सोनी एवं अनिरुद्ध सोनी पिता रामगोपाल सोनी, सभी निवासी वार्ड क्रमांक 12, बक्सवाहा को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे जब्त कर सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसडीओपी बड़ामलहरा प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बक्सवाहा निरीक्षक प्रशांत सेन, उप निरीक्षक कादिर खान, उप निरीक्षक अवधेश दुबे, आरक्षक संजय लोधी, आरक्षक भरत एवं पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही।
मनीष जैन - समाजसेवा के लिए समर्पित जीवन
उल्लेखनीय है कि मनीष जैन ने अपना पूरा जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित किया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में निर्भीकता के साथ अनेक ज्वलंत मुद्दों को उठाकर उनका निराकरण कराया है। बक्सवाहा में न्यायालय की स्थापना, कोरोना काल में कोरोना सेंटर की स्थापना, नेत्र शिविर, रक्तदान शिविर सहित आम जनता की प्रत्येक समस्या में मनीष जैन ने हमेशा बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान किया है।
इसी सामाजिक छवि और जनसेवा के कारण मनीष जैन के पक्ष में हजारों लोगों ने ज्ञापन प्रस्तुत किया था, साथ ही अनेक नगरों एवं संस्थाओं, पत्रकारों ने भी ज्ञापन देकर समर्थन दिया था। एक समाजसेवी और जनता की आवाज पर इस तरह का प्राणघातक हमला पूरे नगर को आहत करने वाला है। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से नगर में न्याय की उम्मीद फिर जगी है।
Created On :  
