- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- बालाघाट
- /
- कान्हा के कोर जोन में पुलिया...
Balaghat News: कान्हा के कोर जोन में पुलिया क्षतिग्रस्त, गढ़ी-चिल्पी मार्ग पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद

डिजिटल डेस्क,बालाघाट। जिले में 2 जुलाई को हुई लगातार बारिश का असर अब सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर जोन से गुजरने वाले गढ़ी-चिल्पी राज्य राजमार्ग पर स्थित एक पुरानी पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों के आवागमन पर आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है।
बैहर के एसडीएम अर्पित गुप्ता ने बताया कि गढ़ी-चिल्पी राज्य राजमार्ग के किलोमीटर-14 पर टोपला के आगे एवं कुरकुटी बैरियर से पहले स्थित पुरानी पुलिया लगातार बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गई है।
पुलिया की स्थिति को देखते हुए किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए तत्काल प्रभाव से सभी चार पहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग का उपयोग न करें तथा वैकल्पिक मार्गों का सहारा लें। संबंधित एजेंसी एमपीआरडीसी द्वारा पुलिया की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। मरम्मत पूर्ण होने के बाद मार्ग पर यातायात बहाल करने की सूचना अलग से जारी की जाएगी।
Created On :   3 July 2026 2:10 PM IST












