Beed News: मुंबई भेजे जाने वाले सोने का पार्सल लेकर आरोपी हुए रफू-चक्कर

मुंबई भेजे जाने वाले सोने का पार्सल लेकर आरोपी हुए रफू-चक्कर
  • 6.36 लाख का माल लेकर फरार हुए चार बदमाश
  • अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

Beed News बीड शहर के बस स्टैंड के पीछे स्थित सड़क पर चार अज्ञात बदमाशों ने मुंबई भेजे जाने वाले सोने के पार्सल से भरा बैग लूट लिया। बदमाश करीब 6 लाख 36 हजार 500 रुपये मूल्य का सोना लेकर फरार हो गए। घटना के बाद शिवाजीनगर पुलिस थाने में 1 जुलाई को रात के समय चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता दीपक दत्तात्रय बोडके (44), जो शिवकृपा कुरियर में कर्मचारी हैं, मूल रूप से आदरकी खुर्द (तहसील फलटन, जिला सातारा) के निवासी हैं और वर्तमान में अंबिका चौक स्थित कलई कैपिटल बिल्डिंग, बीड में रहते हैं। वे मुंबई भेजे जाने वाले सोने का पार्सल लेकर अपनी बाइक से बीड बस स्टैंड की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान बस स्टैंड के पीछे सड़क पर बिना नंबर की सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी में सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक के सामने वाहन आड़ा लगा दिया। तभी पीछे से बाइक पर आए दो अन्य बदमाश, जिन्होंने अपने चेहरे रुमाल से ढक रखे थे, उनमें से एक ने सोने के पार्सल वाला बैग छीन लिया। इसके बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित ने तुरंत शिवाजीनगर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। लूटे गए बैग में विभिन्न वजन के सोने के लगड़ और सोने से भरा एक पैकेट था, जिसकी कुल कीमत 6 लाख 36 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बस स्टैंड और आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद शहरवासियों में दहशत का माहौल है।


Created On :   2 July 2026 4:41 PM IST

Tags

Next Story