‌‌‌Bhandara news: 21,800 रुपए तय वेतन, मिल रहे सिर्फ 6,500 से 7,500; कामगार संगठन ने दी 17 से कामबंद आंदोलन की चेतावनी

21,800 रुपए तय वेतन, मिल रहे सिर्फ 6,500 से 7,500; कामगार संगठन ने दी 17 से कामबंद आंदोलन की चेतावनी
  • शासन के नियमों के अनुसार वेतन, स्वास्थ्य बीमा और पोशाक देने की मांग
  • कई बार ज्ञापन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का कर्मचारियों का आरोप
  • सफाई कर्मचारियों के आंदोलन पर जाने से शहर में गंदगी बढ़ने की आशंका

Bhandara News राज्य शासन के कामगार विभाग ने वेतन 21,800 रुपये निर्धारित किया है। इसके बावजूद ठेकेदार राजीव भगत द्वारा सफाई कर्मचारियों को केवल 6,500 से 7,500 रुपये तक वेतन दिया जा रहा है, जिससे उन्हें काफी आर्थिक संकटों का सामना करना पड़ रहा है।

सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि शासन के नियमों के अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। जिसके चलते वेतन नहीं मिलने, स्वास्थ्य बीमा, पोशाक सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शहर के विभिन्न प्रभागों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई करने वाले ठेका (अस्थायी) सफाई कामगारों ने 17 सितंबर से कामबंद आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में कर्मचारी संगठन स्वतंत्र म्युनिसिपल कंत्राटी कामगार यूनियन ने प्रशासन को अवगत कराया है।

सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को विश्राम भवन में पत्र परिषद लेकर निर्धारित नियमों के अनुसार वेतन नहीं मिलने, स्वास्थ्य बीमा, पोशाक सहित अन्य सुविधाएं नहीं दिए जाने का आरोप लगाया। सफाई कर्मचारियों को महंगाई के दौर में अल्प वेतन की समस्या को लेकर भंडारा नगर परिषद के मुख्याधिकारी जुम्मा प्यारेवाले को कई बार ज्ञापन दिया गया। लेकिन, किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने का आरोप कर्मचारियों ने लगाया है। केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के अनुसार सफाई कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग को लेकर नगर परिषद

प्रशासन संचालनालय, मुंबई, नगर परिषद प्रशासन के विभागीय आयुक्त और भंडारा जिलाधिकारी को ज्ञापन दिए गए। इसके बावजूद मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने आखिरकार 17 सितंबर से कामबंद आंदोलन करने का निर्णय लिया है। यदि सफाई कर्मचारी आंदोलन पर जाते हैं तो शहर में गंदगी और अस्वच्छता की स्थिति पैदा होने की आशंका है।

बारिश के मौसम में सड़कों पर कचरा जमा होने से गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। इस समय पत्र परिषद में स्वतंत्र म्युनिसिपल कंत्राटी कामगार यूनियन के कार्याध्यक्ष नरेंद्र गोंडाने, गणेश उके, राजकुमार साकोरे, लोकेश उकरे, राजेश भुरे आदि उपस्थित थे।

Created On :   16 Sept 2026 12:50 PM IST

Tags

Next Story