- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- प्रदेश में असंगठित श्रमिकों के...
MP News: प्रदेश में असंगठित श्रमिकों के पंजीयन के लिए अब लगेंगे कैंप, कलेक्टरों को दिए निर्देश

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। प्रदेश में अब असंगठित श्रमिकों के पंजीयन, श्रम कल्याण योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान के संचालन के लिये विकासखण्ड स्तर, ग्राम पंचायत एवं नगरीय वार्ड स्तर पर शिविर लगाये जायेंगे। इसके लये राज्य शासन के श्रम विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिये हैं। जारी निर्देश में जिला कलेक्टरों से कहा गया है कि वे अपने जिले में ग्रामीण विकास विभाग एवं नगरीय विकास एवं आवास विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं नगरीय निकायों के क्षेत्रीय अमले की सहभागिता से शिविरों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक शिक्षण सामग्री, एम्पलीफायर, ग्राम सभा के दिन समय का उल्लेख करते हुए बोर्ड लगाएं जिसके लिये प्रति ग्राम पंचायत 5 हजार रुपये की दर से जिला श्रम अधिकारी को राशि उपलब्ध कराये जा रही है।
इन शिविरों के माध्यम से मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना, मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित अन्य श्रम कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाए। साथ ही इन शिविरों में बंधुआ मजदूरी उन्मूलन, बाल श्रम निषेध एवं श्रमिक अधिकारों के संबंध में भी व्यापक जनजागरुकता की जाए।
अभियान की नियमित समीक्षा जिला स्तर पर करते हुए अधिकाधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए। जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सम्पूर्ण कार्यवाही हेतु नोडल अधिकारी होंगे। आयोजित किये जाने वाले शिविर का कार्यवाही प्रतिवेदन फोटोग्राफ वीडियोग्राफ के साथ नियमित रूप से श्रम विभाग को प्रेषित किया जाए तथा शिविर आयोजन पश्चात व्यय राशि का उपयोगिता प्रमाण-पत्र भेजा जाये।
Created On :   22 Aug 2026 12:18 AM IST












