Bhopal News: कृषि उपज मंडियों का 10 वर्ष बाद आय-आवक के आधार पर हुआ नवीन वर्गीकरण, 54 मंडियों ने किया बेहतर प्रदर्शन

कृषि उपज मंडियों का 10 वर्ष बाद आय-आवक के आधार पर हुआ नवीन वर्गीकरण, 54 मंडियों ने किया बेहतर प्रदर्शन
मप्र राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड ने प्रदेश की कृषि उपज मंडी समितियों का दस वर्ष के बाद नवीन वर्गीकरण किया। मंडी समितियों का यह नवीन वर्गीकरण विगत तीन वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की औसत कृषि उपज आवक तथा औसत आय के आधार पर किया गया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड ने प्रदेश की कृषि उपज मंडी समितियों का दस वर्ष के बाद नवीन वर्गीकरण किया। मंडी समितियों का यह नवीन वर्गीकरण विगत तीन वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की औसत कृषि उपज आवक तथा औसत आय के आधार पर किया गया है। औसत आय में मंडी शुल्क और अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) शुल्क से प्राप्त वास्तविक आय को आधार बनाया गया है। वर्तमान में प्रदेश में 259 कृषि उपज मंडी समितियां और 298 उप मंडियां हैं। 54 मंडियों ने बेहतर प्रदर्शन कर उच्च ग्रेड में शामिल हुई हैं। वर्ष 2016 में किए गए पूर्व वर्गीकरण के बाद पिछले दस वर्षों में मंडियों की आय, आवक और विपणन गतिविधियों में हुए परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए नवीन वर्गीकरण किया गया। नवीन वर्गीकरण के तहत 259 मंडी समितियों को चार वर्गों में बांटा गया है।

चार वर्गों में बांटी गईं मंडी समितियां

नवीन वर्गीकरण के तहत 47 मंडी समितियां A वर्ग, 63 मंडी समितियां B वर्ग,81 मंडी समितियां C वर्ग और 68 मंडी समितियां D वर्ग में रखी गई हैं। मंडियों की श्रेणी के अनुसार अधिकारी-कर्मचारियों के सेटअप में परिवर्तन, वित्तीय अधिकारों में वृद्धि और मंडी समितियों की कार्यक्षमता में विस्तार किया जा सकेगा। इससे मंडी समितियां स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप किसानों को मंडी क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में अधिक सक्षम होंगी। नवीन वर्गीकरण का प्रभाव मंडी की विपणन व्यवस्था पर भी पड़ेगा। हम्माल और तुलावटी सहित अन्य आवश्यक लाइसेंस के विस्तार, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि और कृषि उपज के विपणन की प्रक्रिया सुगम होगी। इसका सीधा लाभ किसानों, व्यापारियों, हम्मालों, तुलावटियों तथा मंडी से जुड़े अन्य हितधारकों को मिलेगा। नवीन वर्गीकरण आदेश दिनांक 19 अगस्त से प्रभावशील किया गया है।

मंडी का वर्ग पूर्व आय (करोड़ में) - नवीन आय (करोड़ में) - नवीन आवक (लाख मेट्रिक टन)

A 3.50 से अधिक - 6 से अधिक - 2.50 से अधिक

B 2- 3.50 3-6 1.25-2.5

C 1-2 1.50-3 0.50-1.25

D 1 से कम - 1.50 से कम - 0.50 से कम

मंडियों की संख्या

मंडी का वर्ग - पूर्व वर्गीकरण - नवीन वर्गीकरण

A - 39 - 47

B - 42 - 63

C - 56 - 81

D - 122 - 68

कुल - 259 - 259

Created On :   22 Aug 2026 12:17 AM IST

Tags

Next Story