- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- सायबर अपराध बना चुनौती, 57 साइबर...
Bhopal News: सायबर अपराध बना चुनौती, 57 साइबर एक्सपर्ट पुलिसकर्मी भोपाल के थानों में होंगे नियुक्त

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। सायबर अपराधों से निपटने के लिए भोपाल में सोमवार को तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई। सायबर डेस्क में कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह प्रशिक्षण कार्यशाला रखी गई। इसके साथ ही भोपाल के सभी थानों के साइबर सेल में 57 सायबर एक्सपर्ट पुलिसकर्मी नियुक्त किए जाएंगे। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में सायबर अपराधों में अत्यधिक वृद्धि दर्ज की गई है।
सायबर ठग जनता की मेहनत की कमाई को निशाना बना रहे हैं। जिससे आमजन को आर्थिक हानि होने के साथ-साथ ऐसे मामलों का अनुसंधान पुलिस के लिए भी चुनौतीपूर्ण बन गया है। आधुनिक सायबर अपराधों के स्वरूप, तकनीकी पेचीदगियों और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के लिए पुलिसकर्मियों का तकनीकी रूप से सक्षम होना बेहद जरूरी है।
वहीं, प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीसीपी क्राइम अखिल पटेल ने सायबर क्राइम से जुड़े सभी पहलुओं पर जानकारी दी। एडिशनल डीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने साइबर अपराध से पीड़ित व्यक्तियों के थाना डेस्क पर पहुंचने पर उनसे संवाद करने, जानकारी लेने और कार्यवाही की जानकारी दी। सायबर मामलों में किस प्रकार से काल डिटेल, टावर लोकेशन, पीएटीएन डेटा, आईपी एड्रेस, यूआरएल आदि लेने के बारे में बताया।
सायबर अपराधों को रोकने के लिए करें ये उपाय
-ऑनलाइन अकाउंट्स के लिए मजबूत और अद्वितीय पासवर्ड का उपयोग करें।
-दो-कारक प्रमाणीकरण (सुरक्षा परत) का उपयोग करें, जो आपके अकाउंट्स की सुरक्षा को बढ़ाता है।
-अपने कंप्यूटर और मोबाइल डिवाइस पर वायरस स्कैनर सॉफ्टवेयर का उपयोग करें।
-केवल सुरक्षित वेबसाइट्स पर जाएं, जिनके यूआरएल में एचटीटीपी होता है।
-सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और अज्ञात लोगों से दोस्ती न करें।
-अपने बैंक अकाउंट्स, क्रेडिट कार्ड अकाउंट्स, और अन्य ऑनलाइन अकाउंट्स की नियमित रूप से जांच करें।
-यदि आपको लगता है कि आपके साथ सायबर अपराध हुआ है, तो तुरंत पुलिस या सायबर सेल को रिपोर्ट करें।
क्या न करें
अज्ञात लिंक्स पर क्लिक न करें, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, अज्ञात ईमेल्स का जवाब न दें,अज्ञात सॉफ्टवेयर न डाउनलोड करें, सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग न करें।
Created On :   9 Sept 2026 1:04 AM IST












