MP News: सांख्य सागर झील के लिये अब स्वीकृत नहीं होगी मोटरबोट

सांख्य सागर झील के लिये अब स्वीकृत नहीं होगी मोटरबोट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के शिवपुरी जिले के माधव नेशनल पार्क में स्थित सांख्य सागर झील के लिये अब दो मोटरबोट स्वीकृत नहीं हो सकेगी। दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 10 मार्च 2025 को शिवपुरी में आयोजित एक समारोह में घोषणा की थी कि इस झील में पर्यटकों के लिये दो मोटर बोट स्वीकृत की जायेगी। लेकिन जब इस घोषणा को पूरा करने के लिये प्रकरण वन विभाग के पास आया तो उसने सीएम आफिस को लेख किया कि सांख्य सागर झील जुलाई 2022 में अंतर्राष्ट्रीय महत्व की रामसर साईट घोषित है और एनजीटी ने सितम्बर 2023 को रामसर साईट एवं वेटलैंड क्षेत्रों में क्रूज एवं मोटरबोट का चालन प्रतिबंधित करने के आदेश दिये हुये हैं।

इसलिये इस झील में मोटरबोट संचालित किया जाना संभव नहीं है और इस घोषणा का पालन असाध्य है। उल्लेखनीय है कि शिवपुरी शहर से लगभग 5-10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित उक्त झील मनियारी नदी पर बनी एक कृत्रिम झील है और इसमें बड़ी संख्या में मगरमच्छों, घडिय़ालों और प्रवासी पक्षियों का प्राकृतिक आवास है। हालांकि यहां पर बोट क्लब की सुविधा है जिसके माध्यम से पर्यटक नौका विहार करते हैं, लेकिन इसमें पैट्रोल-डीजल ईंधन से संचालित मोटरबोट नहीं हैं।

Created On :   10 July 2026 1:15 AM IST

Tags

Next Story