- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर...
Datia By-election 2026: नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर दतिया बीजेपी में मचा बवाल, जिलाध्यक्ष समेत पार्षदों ने दिया इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी का उम्मीदवार घोषित करते ही बवाल मच गया। आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने पर नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए हैं। दतिया शहर में कई दुकानें बंद कर दी गईं। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने हाईवे जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बीते 15 सालों में दतिया में ढेर सारे विकास कार्य करवाए हैं। वह बीते 3 साल से उपचुनाव की तैयारियों में जुटे हुए थे।
जिलाध्यक्ष और पार्षदों ने दिया इस्तीफा
भाजपा के जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा ने नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के विरोध में अपने समर्थकों के साथ इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भेजे पत्र में स्पष्ट कहा कि आलाकमान के इस एकतरफा फैसले से कार्यकर्ताओं का अपमान हुआ है।
कुशवाहा ने अपने पत्र में लिखा, 'मैं रघुवीरसिंह कुशवाह जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी दतिया अपने समस्त कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से बातचीत करने के बाद निर्णय लेता हूं कि पार्टी द्वारा दतिया विधानसभा में होने जा रहे उपचुनाव में लिया गया निर्णय एकतरफा एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करते हुये दिया गया है।'
उन्होंने पत्र में आगे लिखा, 'मैं अपने समस्त पदाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका दतिया अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, बड़ौनी पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, दतिया विधानसभा के 6 मण्डलों के अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, दतिया, बड़ौनी के समस्त पार्षदगण तथा दतिया विधानसभा की 281 बूथों के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सहित सामूहिक रूप दायित्वों से इस्तीफा देते हैं। पार्टी चौबीस घण्टे में प्रत्याशी डॉ.नरोत्तम मिश्रा जी को नहीं बनाती है तो पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा देंगे। पूरी ताकत से विरोध करेंगे।'
Created On :   10 July 2026 11:07 PM IST












