- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- MPL महिला क्रिकेट टीम रॉयल निमाड़...
MPL Women’s Cricket: MPL महिला क्रिकेट टीम रॉयल निमाड़ ईगल्स के लिए भोपाल में 25 अप्रैल को क्रिकेट ट्रायल्स, मध्य प्रदेश के स्थानीय खिलाड़ियों को सुनहरा अवसर

भोपाल। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (सिंधिया कप) 2026 में आईसेक्ट ग्रुप की महिला क्रिकेट टीम ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ के गठन के साथ मध्य प्रदेश के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। इसी क्रम में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन हेतु 25 अप्रैल 2026 को स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के क्रिकेट ग्राउंड, नर्मदापुरम रोड, भोपाल में चयन ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल्स सुबह 8:00 बजे से प्रारंभ होंगे, जिनमें मध्य प्रदेश की महिला खिलाड़ी भाग ले सकेंगी।
मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में पिछले वर्ष प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर के रूप में प्रभावी भूमिका निभाने के बाद आईसेक्ट समूह ने इस वर्ष टीम स्वामित्व के साथ खेल विकास की दिशा में नई पहल की है। ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ टीम का उद्देश्य क्षेत्रीय प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना है, ताकि युवा खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
पात्रता के अनुसार, एमपीएल प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम 2025–26 के लिए आवश्यक है कि खिलाड़ी 1 दिसंबर 2025 तक किसी भी डिवीजन या एमपीसीए (MPCA) में पंजीकृत न हो। खिलाड़ी की आयु 1 दिसंबर 2025 को 15 वर्ष से अधिक और 21 वर्ष से कम होनी चाहिए, अर्थात खिलाड़ी का जन्म 2 दिसंबर 2004 के बाद और 1 दिसंबर 2010 से पहले हुआ हो। साथ ही खिलाड़ी का मध्य प्रदेश में जन्म होना चाहिए या उसका स्थायी निवास मध्य प्रदेश का होना अनिवार्य है। यदि खिलाड़ी का जन्म मध्य प्रदेश में नहीं हुआ है, तो उसके माता-पिता (या स्वयं खिलाड़ी) 1 सितंबर 2025 तक कम से कम तीन माह से मध्य प्रदेश में किसी सरकारी, अर्धसरकारी, कॉर्पोरेट या मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित रोजगार में होने चाहिए। पार्ट-टाइम, प्रशिक्षु या छोटे निजी व्यवसाय में कार्यरत होने को मान्य नहीं माना जाएगा। इसके अतिरिक्त दूरस्थ शिक्षा (डिस्टेंस लर्निंग) मान्य नहीं होंगे। खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर अपनी क्रिकेट किट तथा आवश्यक पहचान दस्तावेजों के साथ ट्रायल्स में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएँ।
आईसेक्ट समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष और टीम के ऑनर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि “यह ट्रायल्स केवल चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के लिए दीर्घकालिक विकास कार्यक्रम की शुरुआत है। शिक्षा और खेल दोनों ही व्यक्तित्व निर्माण के सशक्त माध्यम हैं और ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ के माध्यम से हमारा प्रयास क्षेत्रीय प्रतिभाओं को पेशेवर अवसर और राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।”
Created On :   18 April 2026 8:00 PM IST












