- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- क्या हम बाघ का भोजन हैं, 25 हजार...
Chandrapur News: क्या हम बाघ का भोजन हैं, 25 हजार विद्यार्थियों का पत्र में छलका दर्द

Chandrapur News "साहब, हम बाघ के डर में जी रहे हैं। हमारी आंखों के सामने हमले होते हैं। अधिकारी मुआवजा देकर चले जाते हैं, लेकिन हमारी तकलीफ देखने कोई नहीं आता। हमें भी जीने का हक है...क्या हम बाघ का भोजन हैं?' यह भावुक सवाल चंद्रपुर जिले के करीब 25 हजार विद्यार्थियों ने उठाया है। इन विद्यार्थियों ने अपने हस्ताक्षरों के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन दिया। यह ज्ञापन पूर्व मंत्री शोभा फडणवीस और महाराष्ट्र शिक्षक प्रसारक मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पांडुरंग आंबटकर के माध्यम से सौंपा गया।
जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है। इसी पृष्ठभूमि में आंबटकर ने विद्यार्थियों के हस्ताक्षर अभियान के जरिए यह मुद्दा उठाया, जिसे शोभा फडणवीस का भी समर्थन मिला। रविवार को दोनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विद्यार्थियों की पीड़ा उनके सामने रखी। इसके अलावा बताया गया कि बाघों के बढ़ते हमलों से ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है। मूल में प्रस्तावित मालधक्का योजना को कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में रद्द कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
यह भी पढ़े -बुद्ध पूर्णिमा पर ताड़ोबा में होगी गणना , वन्यप्राणियों के दीदार का पर्यावरण प्रमियों को इंतजार
इस निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की गई है। विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने यह भी कहा कि शहरों में रहने वाले लोग बाघ संरक्षण की बात करते हैं, लेकिन इसके कारण उद्योग-कारखानों का विरोध कर विकास रोकना उचित नहीं है। तेंदूपत्ता, जो स्थानीय लोगों की आजीविका का प्रमुख साधन है, बाघों के डर से प्रभावित हो रहा है और उत्पादन घट रहा है। लोहारडोंगरी क्षेत्र की खनिज खदान पर लगी रोक का भी विरोध किया गया है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि यह निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो प्रभावित लोग आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मुद्दे पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
इस वर्ष अब तक 13 की मौत चंद्रपुर जिले में बाघ और तेंदुए के हमले में जनवरी से अब तक 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है जिसमें बाघ के हमले में मरने वालों की संख्या 12 और तेंदुए के हमले में 1 की मौत हो चुकी है। इन दिनों महुआ संकलन का सीजन चल रहा है इस माध्यम से ग्रामीणों को कुछ दिनों का रोजगार मिलता है किंतु इस प्रकार जान का जोखिम बना रहता है। पिछले वर्ष भी कई लोगों को बाघों ने अपना निवाला बनाया है। जानकारी के मुताबिक चंद्रपुर जिले में लगभग 300 बाघ है।
Created On :   21 April 2026 3:53 PM IST













