- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- चंद्रपुर में चौथी कक्षा के छात्र की...
Chandrapur News: चंद्रपुर में चौथी कक्षा के छात्र की हृदयाघात से मृत्यु

Chandrapur News ब्रह्मपुरी के देलनवाड़ी इलाके में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां स्कूल जाने की तैयारी कर रहे 10 वर्षीय छात्र की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। मृत छात्र की पहचान कुमार ईशान सत्यपाल आत्राम के रूप में हुई है, जो लोकमान्य तिलक प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चौथी ‘बी’ का विद्यार्थी था। इस घटना से पूरे शहर में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईशान सुबह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए उठा था। वह नहाने के बाद स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर तैयार हो रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे उसे अचानक तेज दिल का दौरा पड़ा और वह जमीन पर गिर पड़ा। बेटे की यह हालत देख परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से आत्राम परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ईशान पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी काफी होनहार था। उसके मिलनसार स्वभाव के कारण वह शिक्षकों और सहपाठियों का प्रिय था। उसके अचानक निधन से स्कूल के शिक्षक और छात्र गहरे सदमे में हैं।
ईशान की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए 21 लोकमान्य तिलक प्राथमिक विद्यालय में एक विशेष शोकसभा का आयोजन किया गया।। महज 10 साल की उम्र में हृदयाघात से हुई इस मौत की खबर से अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया है। एक मासूम बच्चे की इस तरह अचानक मौत से पूरे देलनवाड़ी क्षेत्र में शोक और संवेदना व्यक्त की जा रही है। ईशान अपने पीछे माता-पिता, भाई और बड़ा परिवार छोड़ गया है। ब्रह्मपुरी शहर इस दुख की घड़ी में आत्राम परिवार के साथ खड़ा है।
Created On :   21 April 2026 3:35 PM IST















