- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- नकाबपोश अर्धनग्न चोर गिरोह ने दो...
CHHINDWARA NEWS: नकाबपोश अर्धनग्न चोर गिरोह ने दो कवर्ड कैम्पस में मचाया उत्पात, सीसीटीवी कैमरे में कैद

भास्कर न्यूज छिंदवाड़ा।
इमलीखेड़ा चौक के पास स्थित दो कवर्ड कैम्पस में सोमवार रात नकाबपोश अर्धनग्न चोर गिरोह ने जमकर उत्पात मचाया। शिव आदित्य रेसीडेंसी में तीन सूने घरों के ताले चटकाए वहीं इंप्रेस पार्क में बेखौफ होकर कालोनी की सडक़ों पर अपना शिकार तलाश रहे थे। तभी रहवासियों की सतर्कता से आरोपी भाग निकले। चोरों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इन घटनाओं की शिकायत थाने में की गई है।
घटना-१: शिवआदित्य रेसीडेंसी के जे-९ में बड़ी वारदात, दो अन्य घरों के टूटे ताले
सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि अर्धनग्न युवक तडक़े ५ बजे करीब जे-९ के पास से गुजरा। सूने घर को चिन्हित कर अपने साथियों को लेने बाउंड्रीवाल की तरफ गया। फिर तीन अन्य साथियों के साथ उसने आलमारी, तिजोरी तोड़ी, करीब १५ मिनट में सारा माल समेट कर भाग निकले। सीसीटीवी फुटेज में चारों आरोपियों की तस्वीर दिखाई दी है, लेकिन सभी के चेहरे ढके हुए दिखे।
घटना-२: इंप्रेसपार्क में रहवासियों की सतर्कता से बड़ी वारदात टली
हवाईपट्टी स्थित इंप्रेसपार्क कवर्ड कैम्पस में सोमवार देर रात १.३३ बजे नकाबपोश ५ से ६ नकाबपोश बदमाश कालोनी की सडक़ों पर चोरी के इरादे से घूम रहे थे। कालोनी के एक घर में घुसने का प्रयास किया, वहीं एक वाहन को चुराने की कोशिश की। रहवासियों की सतर्कता से आहट मिलते ही आरोपी भाग निकले। रहवासियों ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है, कैम्पस की सुरक्षा बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
पुलिस का खौफ खत्म, गश्त पर उठे सवाल
शहर में पुलिस की गश्त के बावजूद चोरी की वारदातें बढ़ते जा रही हैं। सीसीटीवी फुटेज से पकड़े जाने के डर से चोर गिरोह चेहरे पर नकाब और हाथों में ग्लब्स का भी उपयोग कर रहे हैं। पुलिस को भी हाईटेक होकर इन पर शिकंजा कसने की जरूरत है।
Created On :   15 July 2026 2:33 PM IST










