Chhindwara News: अन्नदाता सड़क पर- खाद के लिए जिले भर में प्रदर्शन, चौरई में पथराव, किसान परेशान

अन्नदाता सड़क पर- खाद के लिए जिले भर में प्रदर्शन, चौरई में पथराव, किसान परेशान
  • अफसर बोले- गोदामों में खाद पर्याप्त है, पिछले साल की तुलना में खाद ज्यादा बंट चुकी
  • यूरिया वितरण केंद्र में असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी कर दी।
  • नाकामी को छिपाने व दबाने के लिए जिले के जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों से भी झूठ बुलवाया।

Chhindwara News: खाद के लिए अन्नदाता सडक़ पर उतर चुका है। किसान पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलने से परेशान हैं। महीने भर से खाद की किल्लत झेल रहे किसान अब सडक़ों पर उतर चुके हैं। एक सप्ताह में शहर में सोमवार को दूसरी बार चक्काजाम हुआ है। किसानों की भीड़ के साथ कांग्रेस विधायक, जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी करीब डेढ़ घंटे तक सडक़ जाम कर धरने पर बैठे रहे। इसी तरह चौरई में हुए प्रदर्शन के दौरान असामाजिक तत्व ने पत्थरबाजी कर माहौल खराब करने की कोशिश की। शहर में भी अफवाहों ने लोगों को भ्रमित किया।

दरअसल सोमवार को सप्ताह के पहले दिन परासिया रोड स्थित मार्कफेड के नगद वितरण केंद्र में सुबह से ही किसानों की लम्बी कतार लगी रही। सुबह 11 बजे करीब कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, परासिया विधायक सोहन वाल्मिक सहित अन्य पदाधिकारी किसानों के पास पहुंचे। किसानों को खाद के लिए जूझता देख कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया। मुख्य सडक़ पर करीब डेढ़ घंटे धरना प्रदर्शन किया।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। एसडीएम सुधीर जैन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए आंदोलन खत्म कराया। इस प्रदर्शन के दौरान निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव, प्रदेश प्रवक्ता गुंजन शुक्ला, चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह, गोलू पटेल सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस: भाजपा नेताओं से सिर्फ झूठ बोला

कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे व विधायक सोहन वाल्मिक ने कहा कि तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है, खाद की उपलब्धता पर सांसद सहित अन्य भाजपा नेताओं ने केवल और केवल झूठ बोला। अपनी नाकामी को छिपाने व दबाने के लिए जिले के जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों से भी झूठ बुलवाया।

किसानों की भीड़ में असामाजिक तत्वों ने किया पथराव, 4 पर मामला दर्ज

छिंदवाड़ा रोड स्थित मार्कफेड के यूरिया वितरण केंद्र में असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी कर दी। जिससे एक किसान को गंभीर चोट आई हैं। घटना के बाद नगर के डबल लॉक यूरिया वितरण केंद्र के पास हालात बिगड़ गए। अफसरों ने मामला संभाला। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

बताया जाता है कि किसानों की भीड़ में घुसे कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर हल्ला मचाया था। भीड़ से फेंका गया पत्थर किसान खगेश रघुवंशी के सिर में लगा। जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अफसरों ने मामला संभालते हुए चार आरोपियों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया है।

चार युवकों पर मामला दर्ज

घायल किसान की शिकायत के बाद बलवान पिता मंशाराम लोधी ग्राम पाल्हरी,दुर्गेश पिता चेतराम खूंटपिपरिया,दुर्गेश पिता घनश्याम लोधी पाल्हरी,सुंदर पिता भोजेलाल वर्मा बरेलीपार के खिलाफ शिकायत दर्ज करते हुए मामला दर्ज करने की मांग की हैं। विपणन संघ ने यहां से नैनो यूरिया की 53 बोतल लूटने की शिकायत भी दर्ज करवाई हैं।

समितियों को खाद नहीं देने से बन रही अव्यवस्था

क्षेत्र में सिर्फ डबल लॉक के जरिए यूरिया का वितरण किया जा रहा हैं। जबकि समितियों मैं खाद ही नहीं हैं। समितियों मैं खाद नहीं होने से किसान चौरई के डबल लॉक तक दौड़ रहे हैं। इसके कारण यहां भीड़ उमड़ रही हैं। इसके पहले हर बार समितियों से वितरण होने से अव्यवस्था हावी नहीं हो पाती थी।

कर्मचारियों ने मांगी सुरक्षा,कहां बंद करेंगे वितरण

यूरिया वितरण में लगे कर्मचारियों ने थाना प्रभारी और एसडीएम से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जैसे जैसे यूरिया आ रही हैं वे वितरण कर रहे हैं। लेकिन इस तरह की घटनाएं उनमें आतंक पैदा कर रही हैं।

Created On :   19 Aug 2025 1:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story