- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- अमरवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष सहित...
Chhindwara News: अमरवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष सहित तात्कालिक सीएमओ को ईओडब्ल्यू का नोटिस

Chhindwara News: करप्शन के आरोप में जबलपुर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई(ईओडब्ल्यू) द्वारा अमरवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष सहित तात्कालिक सीएमओ को नोटिस जारी किया गया है। 9 जुलाई को दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के आदेश देते हुए ईओडब्ल्यू के एडीशनल एसपी ने जबलपुर तलब किया है। अमरवाड़ा के ही स्थानीय भाजपा नेता की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने मामला संज्ञान में लेते हुए अपना पक्ष रखने का नोटिस दिया है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों ईओडब्ल्यू को हुई शिकायत में नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति तिवारी सहित तात्कालिक सीएमओ आरएस बाथम पर आरोप लगाए गए थे कि इनके द्वारा शासकीय योजनाओं के क्रियांवयन, अमृत योजना 2.0 में टंकी पेयजल निर्माण, पाईप लाइन, फिल्टर प्लांट, बीटी रोड निर्माण के कार्यों में बड़ी अनियमितता की गई है। वित्तीय लेन-देन में बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ है। दस्तावेजों के साथ हुई शिकायत को संज्ञान में लेते हुए ही ईओडब्लयू ने अध्यक्ष श्रीमति तिवारी सहित तात्कालिक सीएमओ श्री बाथम को उपस्थित होने के आदेश दिए हैं।
यह भी पढ़े -रास्ते में उतारा जा रहा कोयला, डंपरों से सीधे ट्रैक्टर ट्राली और ऑटो में कर रहे अनलोड, प्रत्येक डंपर से १ से डेढ़ मीट्रिक टन कोयला
भाजपा नेता ने की थी शिकायत
नगर पालिका अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार की शिकायत अमरवाड़ा के भाजपा नेता मुकेश सूर्यवंशी द्वारा ही जबलपुर ईओडब्ल्यू में की गई थी। शिकायतकर्ता श्री सूर्यवंशी की धर्मपत्नी वर्तमान में वार्ड क्रमांक 6 से पार्षद है। दो साल पहले लोक निर्माण विभाग की सभापति का जिम्मा भी इनके पास था, लेकिन पद से हटाए जाने के बाद से ही अध्यक्ष और पार्षद के बीच रस्साकसी चल रही थी।
आरएस बाथम का छिंदवाड़ा से स्थानांतरण
तात्कालिक नगर पालिका सीएमओ आरएस बाथम वर्तमान में हरदा नगर पालिका सीएमओ के पद पर पदस्थ है। श्री बाथम 202३ से 2025 तक अमरवाड़ा सीएमओ के पद पर रहे थे। अमरवाड़ा नगर पालिका सीएमओ के बाद इनका स्थानांतरण छिंदवाड़ा नगर निगम उपायुक्त पद पर किया गया था। इसके बाद हाल ही में जारी हुई तबादला सूची में छिंदवाड़ा से इनका स्थानांतरण हरदा सीएमओ के पद पर कर दिया गया है। वे छिंदवाड़ा से रिलीव भी हो गए हैं।
इनका कहना है...
- अमरवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति तिवारी, सहित तात्कालिक सीएमओ आरएस बाथम की शिकायत आई थी। जिसके आधार पर नोटिस जारी करते हुए दोनों को 9 जुलाई को उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
- स्वर्णजीत सिंह धामी
एडीशनल एसपी, ईओडब्ल्यू जबलपुर
- हमें किसी भी प्रकार का नोटिस अभी तक ईओडब्ल्यू से प्राप्त नहीं हुआ है। यदि कोई नोटिस जारी हुआ है तो हम तथ्यों के साथ जवाब देंगे। हमारे द्वारा किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं की गई।
- प्रीति तिवारी
अध्यक्ष नगर पालिका, अमरवाड़ा
Created On :   5 July 2026 3:12 PM IST













